डोनाल्ड ट्रंप ने किया युद्धविराम का ऐलान, बोले- ईरान पर 2 हफ्ते तक नहीं होंगे हमले
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि ईरान पर होने वाले हमले और बमबारी को फिलहाल 2 हफ्तों के लिए रोक दिया गया है। ट्रंप ने बताया कि यह एक 'दोतरफा युद्धविराम' होगा, यानी इस दौरान न अमेरिका हमला करेगा और न ही ईरान। हालांकि, इस समझौते की शर्त बताते हुए ट्रंप ने कहा कि इस दौरान ईरान को तुरंत, पूरी तरह और सुरक्षित तरीके से होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना होगा।
बयान
ट्रंप ने कहा- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के अनुरोध पर लिया फैसला
ट्रंप ने लिखा, 'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के आधार पर—जिसमें उन्होंने मुझसे अनुरोध किया कि मैं आज रात ईरान भेजे जा रहे विनाशकारी बल को रोक लूं—और इस शर्त पर कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो जाए, मैं 2 हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को स्थगित करने पर सहमत हूं। यह एक दो-तरफा 'युद्धविराम' होगा!'
उद्देश्य
ट्रंप बोले- ईरान के साथ शांति समझौते में काफी आगे बढ़ चुके
ट्रंप ने आगे कहा, 'ऐसा करने का कारण यह है कि हमने अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को पहले ही पूरा कर लिया है; साथ ही हम ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति और मध्य-पूर्व में शांति सुनिश्चित करने वाले एक निर्णायक समझौते की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं। हमें ईरान की ओर से 10-सूत्रीय प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, और हमारा मानना है कि यह बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए एक व्यावहारिक आधार प्रदान करता है।
समयसीमा
अमेरिका-ईरान में सभी विवादित बिंदुओं पर सहमति बनी- ट्रंप
ट्रंप ने कहा, 'अमेरिका और ईरान के बीच विवाद का कारण रहे लगभग सभी विभिन्न बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है; हालांकि, 2 हफ्तों की यह अवधि इस समझौते को अंतिम रूप देने और उसे पूर्ण करने का अवसर प्रदान करेगी। अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर और मध्य-पूर्व देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए मेरे लिए यह अत्यंत सम्मान की बात है कि लंबे समय से चली आ रही यह समस्या अब समाधान के बेहद करीब पहुंच चुकी है।'
जानकारी
इजरायल भी ईरान पर रोकेगा हमले- रिपोर्ट
व्हाइट हाउस के 2 अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया कि इजरायल भी 2 हफ्ते के इस युद्धविराम में शामिल है और कूटनीतिक बातचीत के दौरान वह ईरान पर हमले रोक देगा।
पिछला बयान
पहले ट्रंप ने कहा था- आज रात सभ्यता खत्म होगी
पहले ट्रंप ने ईरान को होर्मुज खोलने के लिए 48 घंटे की समयसीमा दी थी। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे दोबारा वापस नहीं लाया जा सकेगा। उन्होंने लिखा था, 'आज रात पता चल जाएगा, जो दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है। 47 सालों की जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा।'