LOADING...
कैलिफोर्निया में चुनाव धांधली के सवाल पर भड़के ट्रंप, साक्षात्कार बीच में छोड़कर निकले
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप साक्षात्कार बीच में छोड़कर निकले

कैलिफोर्निया में चुनाव धांधली के सवाल पर भड़के ट्रंप, साक्षात्कार बीच में छोड़कर निकले

लेखन गजेंद्र
Jun 08, 2026
10:06 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार को NBC के 'मीट द प्रेस' कार्यक्रम में सवालों से नाराज हो गए और अचानक साक्षात्कार को बीच में छोड़कर चले गए। NBC की एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने उनसे कैलिफोर्निया में चुनाव धांधली से जुड़े उनके दावों पर सवाल पूछा था और उनसे इसके सबूत मांगे थे। इसके बाद ट्रंप माइक फेंककर निकल गए। उन्होंने पत्रकार को 'बेईमान' और 'मूर्ख' तक कहा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है।

घटना

क्या है पूरा मामला?

घटना तब घटी, जब ट्रंप ने साक्षात्कार के दौरान कैलिफोर्निया में वोटों की धीमी गिनती का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "4 दिन हो गए और अभी-तक नतीजे घोषित करने के करीब नहीं हैं।" इसपर वेल्कर ने कहा कि डाक से आए मतपत्रों और चुनाव प्रक्रियाओं के कारण कैलिफोर्निया में मतगणना सामान्य थी। इसपर ट्रंप बोले, "क्या आप जानते हैं कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? क्योंकि चुनाव में धांधली कर रहे हैं।" तभी वेल्कर ने आरोपों का सबूत मांगा।

साक्षात्कार

ट्रंप ने नहीं दिया कोई सबूत

NBC की पत्रकार ने उनसे फिर सवाल किया औऱ कहा कि अमेरिका में चुनाव में धांधली का कोई सबूत नहीं है। इस दौरान ट्रंप कोई सबूत नहीं दे सकें और सवाल उठाया कि मतदान के कई दिनों बाद भी मतगणना जारी रखना उचित है या नहीं। इस पर वेल्कर ने जवाब दिया कि प्रक्रिया धीमी है, लेकिन उन्होंने कहा कि कैलिफोर्निया के अधिकारी इसे बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं। इसके बाद बातचीत का रुख बिगड़ गया।

Advertisement

बयान

ट्रंप ने चुनाव अधिकारियों और मीडिया को बेईमान कहा

नाराज ट्रंप ने कैलिफोर्निया के चुनाव अधिकारियों पर बेईमान होने का आरोप लगाया और वेल्कर के साथ कई समाचार संगठनों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, "वे बेईमान हैं, ठीक वैसे ही जैसे आप बेईमान हैं, आपका प्रेस बेईमान है। और मीट द प्रेस भी बेईमान है।" राष्ट्रपति ने चुनाव कराने के मामले में अमेरिका को तीसरे विश्व के देश जैसा बताया। वेल्कर ने जवाब देते हुए कहा, "सच कहूं तो, मैं बेईमान नहीं हूं।"

Advertisement

जवाब

ट्रंप ने अपना माइक जमीन पर फेंका

वेल्कर की बात पर ट्रंप ने कहा, "या तो तुम बेईमान हो या फिर बेवकूफ।" उन्होंने NBC, ABC, CBS, CNN और अन्य मीडिया संगठनों पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "आपके चुनाव में धांधली हुई है, आप लोग बेईमान हैं और मीट द प्रेस भी बेईमान है।" ट्रंप ने कहा, "माफ करना। अब यहीं खत्म करते हैं, मेरा मन भर गया। शुक्रिया, प्रिय। तुम्हारा दिन अच्छा बीते।" इसके बाद राष्ट्रपति ने अपना माइक्रोफोन हटाकर उसे जमीन पर फेंक दिया।

ट्विटर पोस्ट

ट्रंप और पत्रकार में झड़प

Advertisement