ट्रंप का ऐलान- ईरान को हथियार बेचने वाले देशों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगेगा
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ऐलान किया है कि अगर किसी भी देश ने ईरान को हथियारों की आपूर्ति की तो उस पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर 2 पोस्ट के जरिए इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे देशों को कोई रियायत नहीं दी जाएगी। ट्रंप ने दूसरे पोस्ट में ईरान में यूरेनियम संवर्धन से भी इनकार किया है, जबकि ईरान ने अपने 10 सूत्रीय प्रस्ताव में इसे शामिल किया है।
बयान
टैरिफ को लेकर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'जो भी देश ईरान को सैनिक हथियार आपूर्ति करेगा, अमेरिका को बेचे जाने वाले उसके सभी सामानों पर तुरंत 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया जाएगा। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इसमें कोई छूट नहीं दी जाएगी!' ट्रंप ने आगे लिखा कि अमेरिका ईरान के साथ टैरिफ और प्रतिबंधों में राहत के मुद्दे पर बातचीत कर रहा है, जो जारी रहेगी, दोनों देशों में 15 मुख्य बिंदुओं में कई पर सहमति बन चुकी है।
परमाणु
ईरान में नहीं होगा परमाणु संवर्धन- ट्रंप
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'अमेरिका, ईरान के साथ मिलकर काम करेगा। ईरान में अब एक बहुत ही सकारात्मक 'सत्ता परिवर्तन' होने जा रहा है! अब वहां यूरेनियम का संवर्धन नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, अमेरिका ईरान के साथ मिलकर, ज़मीन में गहराई तक दबी सारी परमाणु 'धूल' को खोदकर बाहर निकालेगा।' ट्रंप ने कहा कि यह इलाका कड़ी सैटेलाइट निगरानी में है, यहां हमले की तारीख के बाद से, वहां किसी भी चीज को छुआ नहीं गया है।
टकराव
ट्रंप का ऐलान टकराव का बनेगा कारण?
ट्रंप ने ईरान में यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम चलाने से मना कर दिया है, जबकि ईरान इस पर कायम है। ईरान ने अमेरिका को जो 10 सूत्रीय प्रस्ताव दिया है, उसमें यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम को जारी रखने की भी बात है और ईरान का कहना है कि अमेरिका इस पर सहमत भी है, लेकिन अब ट्रंप ने इससे मना किया है। हालांकि, ईरान की ओर से जारी अंग्रेजी प्रस्ताव संस्करण में यूरेनियम की बात है, लेकिन फारसी संस्करण में नहीं है।