Page Loader
थाईलैंड: शादी में दूल्हे ने दुल्हन समेत 4 को गोलियों से भूना, फिर खुद आत्महत्या की
थाईलैंड में विवाह समारोह ने दौरान दूल्हे ने मारी 4 को गोली (प्रतीकात्मक तस्वीर)

थाईलैंड: शादी में दूल्हे ने दुल्हन समेत 4 को गोलियों से भूना, फिर खुद आत्महत्या की

लेखन गजेंद्र
Nov 27, 2023
05:03 pm

क्या है खबर?

थाईलैंड में एक विवाह समारोह के दौरान दूल्हे ने अपनी होने वाली पत्नी समेत 4 लोगों को गोलियों से भून दिया और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। BBC के मुताबिक, 29 वर्षीय आरोपी दूल्हा चतुरोंग सुकसुक पूर्व सैनिक और पैरालंपिक खिलाड़ी है। उसकी शादी 44 वर्षीय कंचना पचुनथुएक से होने वाली थी। घटना शनिवार रात करीब 11.25 बजे उत्तर-पूर्वी जिले वांग नाम खियो के एक घर में घटित हुई। शादी में सुकसुक काफी नशे में था।

गोलीबारी

दुल्हन से बहस के बाद सुकसुक ने की गोलीबारी

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान जोड़े के बीच बहस हुई थी, जिसके बाद सुकसुक घर से बाहर अपनी कार के पास गया और पिस्तौल लेकर लौटा। इसके बाद उसने गोलियां चला दीं। गोलीबारी में दुल्हन कंचना, उनकी 62 वर्षीय मां किंगथोंग क्लाजोर्हो और 38 वर्षीय बहन कोर्निका मनेटर की मौत हो गई। गोलीबारी में 2 अन्य मेहमान घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। इनमें से 50 वर्षीय थोंग नोनखुनथोड ने दम तोड़ दिया।

जांच

3 साल से साथ रह रहा था जोड़ा

मीडिया के मुताबिक, सुकसुक और कंचना 3 साल से साथ रह रहे थे। शादी के दिन सुकसुक अपनी और कंचना के बीच उम्र के फासले को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा था। सुकसुक ने पिछले साल कानूनी तौर पर बंदूक और गोलियां खरीदी थीं। वह एक पूर्व समुद्री सैनिक था, जो चोन बुरी में सट्टाहिप नौसैनिक अड्डे पर काम करता था। उसने ड्यूटी के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से अपना दाहिना पैर खो दिया था।