LOADING...
कंबोडिया और थाई सेना के बीच संघर्ष में 14 नागरिकों की मौत, 1 लाख लोग विस्थापित
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे संघर्ष में 1 लाख लोग विस्थापित हुए हैं (तस्वीर: एक्स/@toot5000)

कंबोडिया और थाई सेना के बीच संघर्ष में 14 नागरिकों की मौत, 1 लाख लोग विस्थापित

लेखन गजेंद्र
Jul 25, 2025
09:01 am

क्या है खबर?

कंबोडिया और थाईलैंड की सेना के बीच सीमा विवाद को लेकर गुरुवार को शुरू हुए सशस्त्र संघर्ष में अब तक 14 नागरिकों की मौत हो चुकी है और 1 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। शुक्रवार को दोनों देशों के बीच झड़प और बढ़ गई। दोनों ने 4 प्रांतों में अतिरिक्त पैदल सेना भेजी है और लड़ाकू विमानों को तैनात किया है। गुरुवार को थाईलैंड ने F-16 लड़ाकू विमानों से कंबोडिया में 6 सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था।

बयान

थाई सरकार ने जारी किया बयान

रॉयल थाई सरकार बयान जारी कर कहा कि थाई क्षेत्र में एंटी-पर्सनल लैंडमाइंस बिछाई गई थी, जिससे 16 और 23 जुलाई को गश्त कर रहे थाई सैन्य कर्मी घायल हुए हैं। सरकार ने कंबोडिया से कहा कि वह घटना की जिम्मेदारी ले और हमले बंद करे, अगर कंबोडिया हमले जारी रखता है तो थाई सरकार जवाब देगी। थाई सरकार ने कंबोडिया से थाई राजदूत को वापस आने और कंबोडिया सरकार से थाईलैंड से अपने राजदूत को बुलाने को कहा है।

विवाद

दोनों देशों के बीच सीमा को लेकर क्या है विवाद?

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच 19वीं सदी से 817 किलोमीटर लंबे भूमि सीमा पर विभिन्न अनिर्धारित बिंदुओं पर संप्रभुता को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों देश प्रियह विहार मंदिर और इसके आसपास के क्षेत्र, ता मुअन थॉम, ता मुअन तोच, और ता क्रबेई जैसे अन्य प्राचीन मंदिर और एमराल्ड ट्रायंगल को लेकर झगड़ रहे हैं। मई में यह विवाद सशस्त्र झड़प में बदल गया है, जिसमें कंबोडियाई सैनिक की मौत हुई थी। इसके बाद से विवाद चरम पर है।