थाई राजशाही की आलोचना करने पर व्यक्ति को 50 साल की सजा
क्या है खबर?
थाईलैंड की कोर्ट ने थाई राजशाही की आलोचना करने पर 30 वर्षीय व्यक्ति को अब तक की सबसे सख्त सजा सुनाई है। उसे देश के लेज मैजेस्टी कानून के तहत 50 साल कैद की सजा दी गई।
द गार्डियन के मुताबिक, उत्तरी शहर चियांग राय की एक अपीलीय कोर्ट ने यह सजा सुनाई है।
आरोपी पूर्व लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ता और ऑनलाइन कपड़ा व्यापारी मोंगकोल थिराकोट हैं, जिन्हें 3 साल पहले फेसबुक पर एक विवादित पोस्ट के लिए दोषी पाया गया।
सजा
पहले हुई थी 28 साल की सजा, जिसे बाद में बढ़ाया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, पहले निचली आपराधिक कोर्ट ने उन्हें 28 साल की सजा सुनाई थी, लेकिन अपील के दौरान उन्हें 11 और मामलों में दोषी पाया गया, जिससे लंबी सजा हुई।
बता दें कि मोंगकोल को पहली बार 2021 में राजनीतिक कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर एक विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
इस दौरान सैकड़ों लोग सड़क पर उतरे थे। उन्होंने लेज मैजेस्टी कानून में बदलाव की मांग की थी।
कानून
क्या है थाई का लेज मैजेस्टी कानून?
थाई लॉयर्स फॉर ह्यूमन राइट्स (TLHR) ने बताया कि लेज़-मैजेस्टी कानून राजा वजिरालोंगकोर्न और उनके करीबी परिवार को आलोचना से बचाता है।
इस कानून को 2019 में कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया था, लेकिन बाद में यह फिर बहाल कर दिया गया।
TLHR के मुताबिक, यह सजा शाही मानहानि के लिए दी गई सबसे लंबी सजा है। 2021 में एक महिला को कानून के तहत 43 साल की सजा सुनाई गई थी।