होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा एक सुपरटैंकर बारूदी सुरंगों की चपेट में आया
क्या है खबर?
ईरान ने सोमवार को जानकारी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय एक सुपरटैंकर बारूदी सुरगों की चपेट में आ गया, जिससे उसमें धमाके के साथ आग लग गई। इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (IRGC) नौसेना ने बताया कि सुपरटैंक एक अनधिकृत मार्ग से गुजरने का प्रयास कर रहा था। धमाके के बाद टैंकर पूरी तरह से रुक गया। IRGC ने न तो जहाज की पहचान बताई और न ही उसके चालक दल के बारे में कोई जानकारी दी है।
विस्फोट
नियम उल्लंघन करने पर हश्र ऐसा होगा- IRGC
ईरान की तसनीम एजेंसी ने बताया की IRGC ने एक बयान में कहा है, "कुछ घंटे पहले, होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिण में अवैध मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहे एक सुपर टैंकर में दो समुद्री खदानों से टकराने के बाद भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह से रुक गया। IRGC नौसेना एक बार फिर चेतावनी देती है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों का हश्र भी अलग नहीं होगा।"
चेतावनी
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा
IRGC ने बयान में कहा है कि "आवागमन और नौवहन के लिए IRGC नौसेना द्वारा जारी नियमों का अनुपालन अनिवार्य है। जहाज कंपनियों को बच्चों की हत्या करने वाली अमेरिकी सेना के उकसावों में न आकर अपनी संपत्तियों को खतरे में नहीं डालना चाहिए।"
बता दें, रविवार को अमेरिका ने जलडमरूमध्य में लारक द्वीप पर स्थित ईरानी रॉकेट लॉन्चरों पर हवाई हमले किए थे।
इसके बाद ईरान ने जॉर्डन और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अमेरिकी अड्डों को निशाना बनाया।