यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के खुलासे से नाराज हुआ दक्षिण कोरिया, माफी की मांग की
क्या है खबर?
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने पिछले दिनों 2 उत्तर कोरिया युद्धबंदियों को दक्षिण कोरिया भेजे जाने का खुलासा किया था, जिससे सियोल नाराज है। उसने यूक्रेनी राष्ट्रपति से आधिकारिक तौर पर माफी मांगने की बात की है और सोमवार को सियोल में यूक्रेन के राजदूत को तलब कर कीव द्वारा इस खुलासे पर 'गंभीर चिंता' जताई। बता दें कि जेलेंस्की ने यह खुलासा अमेरिका के न्यूयॉर्क में 81वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा में किया था।
बयान
यूक्रेन के राजदूत तलब
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को सियोल में यूक्रेन के राजदूत एंड्री विएशकिन को तलब कर कहा कि कैदियों के स्थानांतरण के बारे में कीव द्वारा खुलासा एकतरफा था।
मंत्रालय ने राजदूत से कहा कि सियोल और कीव के बीच इस मामले को गोपनीय रखने पर सहमति थी, यह पूरी तरह गलत बात है।
मंत्रालय ने बयान में कहा कि विएशकिन ने कहा कि वह सियोल का पक्ष अपनी सरकार को बताएंगे।
चिंता
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के सलाहकार ने क्या कहा?
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने यूक्रेन पर हस्तांतरण के संबंध में गोपनीयता समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
ली के जनसंपर्क मामलों के वरिष्ठ राष्ट्रपति सलाहकार सियोंग घी-होंग ने घटना पर गहरा खेद व्यक्त किया और आधिकारिक माफी और स्पष्टीकरण की मांग की।
सियोंग ने कहा कि यूक्रेन द्वारा गोपनीयता समझौते से झूठा इनकार करना ऐसा कार्य है जो दोनों सरकारों के बीच विश्वास को कमजोर करता है और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नुकसान पहुंचाता है।
भाषण
जेलेंस्की ने क्या कहा था?
जेलेंस्की ने पिछले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा को बताया कि यूक्रेन ने 2025 की शुरुआत में यूक्रेन-रूस युद्धक्षेत्र में उत्तर कोरिया के 2 सैनिकों को पकड़ा था और उन्हें दक्षिण कोरिया भेजा था।
ये दोनों उन हजारों उत्तर कोरियाई सैनिकों में शामिल हैं जिन्हें यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में समर्थन देने के लिए भेजा गया है।
जेलेंस्की ने दावा किया कि उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन अपने सैनिकों का "मुद्रा की तरह" उपयोग कर रहे थे।