EU में 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लगेगी रोक?
क्या है खबर?
यूरोपीय संघ (EU) बच्चों के लिए सोशल मीडिया का उपयोग सीमित करने की योजना पर काम कर रहा है। अब यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा है कि जल्द EU के भीतर 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। प्रस्ताव के मुताबिक, 13-15 साल के बच्चों के लिए भी सोशल मीडिया इस्तेमाल करने की समय सीमा तय की जाएगी। इसके तहत माता-पिता की मंजूरी जरूरी होगी।
जिम्मेदारी
सोशल मीडिया कंपनियों पर भी बढ़ेगी जिम्मेदारी
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए सोशल मीडिया कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म में जरूरी बदलाव करने होंगे।
कंपनियों को यह साबित करना होगा कि उनके प्लेटफॉर्म बच्चों के लिए सुरक्षित हैं। नियमों का पालन नहीं करने पर कंपनियों पर उनकी दुनियाभर की बिक्री का 6 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
प्रस्ताव में टिक-टॉक, इंस्टाग्राम और स्नैपचैट के अलावा यूट्यूब, ऑनलाइन गेम्स और AI चैटबॉट को भी शामिल किया गया है।
कोशिश
बच्चों को ऑनलाइन नुकसान से बचाने की कोशिश
लेयेन ने कहा कि कई बच्चे बहुत कम उम्र में ऐसी ऑनलाइन दुनिया में पहुंच जाते हैं, जिसके लिए वे तैयार नहीं होते।
सोशल मीडिया पर बदमाशी, गलत सामग्री और नशे की लत लगाने वाले फीचर्स बच्चों के लिए परेशानी बन सकते हैं। प्रस्तावित कानून के तहत 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्लेटफॉर्म को सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार करना होगा।
इसमें कई फीचर्स पर भी रोक लगाने की बात कही गई है।
सवाल
उम्र की जांच को लेकर उठे सवाल
EU की योजना को लागू करने के लिए सदस्य देशों और यूरोपीय संसद की मंजूरी जरूरी होगी।
हालांकि, बच्चों की उम्र की जांच के दौरान निजी जानकारी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आयोग का कहना है कि उम्र की पुष्टि मौजूदा यूरोपीय उम्र जांच ऐप के जरिए की जाएगी और निजी डाटा इकट्ठा या साझा नहीं किया जाएगा।
फ्रांस और स्पेन पहले ही बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने की योजना बना चुके हैं।