यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की भीषण बमबारी, भारतीय नागरिक समेत 12 लोगों की मौत
क्या है खबर?
यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की भीषण बमबारी में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेनी अधिकारियों के हवाले से बताया कि मंगलवार तड़के हुए हमले में कीव में 8 और कीव ओब्लास्ट में 4 लोग मारे गए हैं। यूक्रेनी रेलवे के बोर्ड के अध्यक्ष ओलेक्सांद्र पर्त्सोव्स्की ने कहा कि मृतकों में 6 यूक्रेनी रेलवे के कर्मचारी थे।
हमला
लगातार छठे दिन रूस का हमला जारी
रिपोर्ट के मुताबिक, यह लगातार छठा दिन है, जब रूस जेट चालित ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल से कीव और आसपास के क्षेत्रों को निशाना बना रहा है।
इससे पहले 7 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 45 अन्य घायल हो गए थे। रूस ने बैलिस्टिक मिसाइल से रेलवे डिपो और अन्य रेलवे सुविधाओं पर भी हमला किया है।
पिछले 6 दिन से यूक्रेन की हवाई रक्षा प्रणाली सक्रिय रही और कई ड्रोन को कीव के ऊपर ही नष्ट कर दिया।
बयान
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने भारतीय की मौत की पुष्टि की
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने एक्स पर बताया कि रूस ने हमले में बड़ी संख्या में जेट-पावर्ड ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया है।
यह हमले रिहायशी इमारतों, आम लोगों के बुनियादी ढांचे और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हमले हुए हैं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
जेलेंस्की ने पुष्टि की कि खेरसॉन, डोनेट्स्क, ज़ापोरिज्जिया, खार्किव, चेर्निहाइव, ज़ाइटॉमिर, सुमी और निप्रो इलाकों पर हुए हमलों में 12 लोगों की मौत हुई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है।
युद्ध
मोदी ने की है पुतिन से युद्ध रोकने की अपील
यह हमला ऐसे समय पर हुआ है, जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में चल रहे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में शामिल हुए हैं।
सोमवार को पहले दिन पुतिन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात हुई थी, जिसमें मोदी ने पुतिन से यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में काम करने की अपील की थी।
दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक चली बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई।