Page Loader
कोरोना वायरस: राजधानी बीजिंग के लगभग सभी निवासियों का टेस्ट करेगा चीन
कोरोना वायरस: राजधानी बीजिंग के लगभग सभी निवासियों की टेस्ट करेगा चीन

कोरोना वायरस: राजधानी बीजिंग के लगभग सभी निवासियों का टेस्ट करेगा चीन

Apr 26, 2022
09:19 am

क्या है खबर?

चीन की राजधानी बीजिंग में 2.1 करोड़ निवासियों का तीन बार कोविड टेस्ट किया जाएगा। शहर में एक बार फिर से कोरोना वायरस के मामले आने के बाद प्रशासन ने ये फैसला लिया है और अधिकांश निवासियों की टेस्टिंग की जाएगी। शहर के निवासियों को शंघाई जैसा कड़ा लॉकडाउन लगने का डर भी सता रहा है और इससे खाने के सामान की जमाखोरी बढ़ गई है। कुछ इमारतों और शहर के एक हिस्से में लॉकडाउन लगा भी दिया गया है।

कोरोना वायरस

बीजिंग में शुक्रवार से सामने आ चुके हैं 70 नए मामले

कोरोना वायरस के नए आउटब्रेक में बीजिंग में शुक्रवार से 70 मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार को शहर में 29 नए संक्रमित मिले। शहर का चाओयांग जिला सबसे अधिक प्रभावित है और 70 में से 46 नए मामले इसी जिले में मिले हैं। संक्रमण में इस वृद्धि को देखते हुए शहर के सभी 35 लाख निवासियों और जहां काम करने वाले लोगों का सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को टेस्ट किया जाएगा।

जमाखोरी

लॉकडाउन की आशंका से निवासियों ने जमा किया खाने का सामान

कोरोना के मामलों में वृद्धि के कारण शंघाई जैसा कड़ा लॉकडाउन लगने के डर के कारण बीजिंग के कुछ निवासियों ने घर से काम किया, वहीं कई ने खाने का सामान जमा कर लिया। निवासियों ने चावल, नूडल्स, सब्जियां और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदे जिससे सुपरमार्केट्स के बाहर लंबी लाइनें लग गईं। खरीदारी कर रहे निवासी चिंतित तो दिखे, लेकिन घबराए हुए नहीं थे। सरकारी मीडिया के अनुसार, खरीद में वृद्धि के बावजूद सप्लाई भरपूर है।

चीन

पूरे चीन में क्या है महामारी की स्थिति?

चीन इस समय ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण आई कोरोना संक्रमण की लहर से जूझ रहा है और देश में रोजाना 20,000 से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। इनमें से अधिकांश मामले शंघाई में सामने आ रहे है। सोमवार को शहर में 19,000 से अधिक नए संक्रमित मिले और 51 लोगों की मौत हुई। ये शहर में अब तक एक दिन में हुई सबसे अधिक कोविड मौतें हैं। मौजूदा लहर में अब तक 138 मौतें हो चुकी हैं।

लॉकडाउन

मामलों में वृद्धि के कारण चीन के कई शहरों में लगा हुआ है लॉकडाउन

बता दें कि कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि के कारण चीन के कई शहरों में लॉकडाउन लगाया जा चुका है। शंघाई में पिछले दो हफ्ते से अधिक समय से बेहद कड़ा लॉकडाउन लगा हुआ है। यहां लोगों को घरों से बाहर निकलने की इजाजत तक नहीं है, हालांकि इसके बावजूद मामलों में गिरावट नहीं आई है। सोमवार से केंद्रीय चीन के अन्यांग शहर और उत्तर कोरिया से लगते डानडोंग शहर में भी लॉकडाउन लगा दिया गया।