दक्षिणी फिलीपींस में आया 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, घरों से बाहर निकले लोग
क्या है खबर?
फिलीपींस के दक्षिणी तट पर बुधवार दोपहर बेहद शक्तिशाली भूकंप के झटका महसूस किया किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 मापी गई है। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र सारंगानी द्वीप से लगभग 32 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। हालांकि, भूकंप के कारण अभी सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई। इसी तरह तत्काल किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
केंद्र
जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था भूकंप का केंद्र
स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:14 बजे यह भूकंप सारंगानी के पास आया। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर गहराई में बताया है।
भूकंप के झटकों से लोग बुरी तरह घबरा गए और बचाव के लिए घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे।
हालांकि, राहत की बात यह है कि इस तीव्र झटके के बावजूद तत्काल किसी के हताहत होने या किसी बड़े संरचनात्मक नुकसान की खबर नहीं मिली है।
हालात
भूकंप के समय सब्सिडी के लिए जमा हुए थे लोग
जिस समय भूकंप आया, उस वक्त सारंगानी द्वीप पर एक सरकारी सब्सिडी प्राप्त करने के लिए भारी संख्या में लोग एकत्रित थे। अचानक धरती डोलने से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
बचाव दल के सदस्य हार्ली सौरो ने समाचार एजेंसी AFP से कहा, "झटका काफी तेज था। मैंने लोगों को घबराते हुए देखा, वे चिल्लाते हुए इधर-उधर भाग रहे थे।"
हालांकि, स्थानीय अधिकारियों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने में जुटी हैं।
परेशानी
'रिंग ऑफ फायर' का खतरा
फिलीपींस भौगोलिक रूप से प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है। यह दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंपीय और ज्वालामुखी विस्फोट वाले क्षेत्रों में से एक माना जाता है।
इस क्षेत्र में कई टेक्टोनिक प्लेट्स आपस में मिलती हैं। यही कारण है कि इस पूरे क्षेत्र में बार-बार भूकंप के झटके और ज्वालामुखी सक्रियता देखने को मिलती रहती है।
इस भूकंप के झटके के बाद भी अभी सुनामी के चेतावनी जारी नहीं की गई है।