LOADING...
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में तनाव, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में 7 लोग मारे गए
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में 7 लोग मारे गए (फाइल तस्वीर)

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में तनाव, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में 7 लोग मारे गए

लेखन गजेंद्र
Jun 08, 2026
03:17 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoK) में तनाव का माहौल है। यहां के रावलकोट शहर में प्रतिबंधित प्रदर्शनकारी समूह और पुलिस के बीच झड़प हो रही है, जो हिंसा में बदल गई है। रावलकोट के शीर्ष नागरिक अधिकारी, कमिश्नर सरदार वहीद ने बताया कि हिंसा में 3 नागरिक और 4 पुलिस अधिकारी मारे गए और 63 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सख्त चेतावनी जारी की गई है।

हिंसा

कैसे शुरू हुई हिंसा?

संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) चुनावी प्रणाली में बदलाव समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। इस बीच, JAAC को सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने के आरोपों के कारण आतंकवाद विरोधी कानूनों के तहत प्रतिबंधित संगठन घोषित कर दिया है। इसके बाद भी JAAC ने अपना आंदोलन जारी रखा है और मंगलवार को पूरे क्षेत्र में हड़ताल निर्धारित है। सोमवार को इसी आंदोलन के तहत तनाव बढ़ गया।

पाबंदी

इंटरनेट बंद, 70 से अधिक गिरफ्तार

डॉन के मुताबिक, PoK में तनाव को देखते हुए दूरसंचार और इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं, जबकि मुजफ्फरबाद में पाकिस्तान पुलिस और पाकिस्तान रेंजर्स की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात हैं। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों पर बंदूकों और शॉटगनों से गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद इस घटना को "आतंकवाद" करार दिया गया है। तनाव को देखते हुए 70 JAAC सदस्यो गिरफ्तार हैं। बता दें कि पिछले सितंबर-अक्टूबर में व्यापक हिंसा में 200 से अधिक जान गई थी।

Advertisement