Page Loader
प्रधानमंत्री मोदी ने घाना की संसद को किया संबोधित, बोले- हमारी दोस्ती अनानास से ज्यादा मीठी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घाना की संसद को संबोधित किया (तस्वीर: एक्स/@BJP4India)

प्रधानमंत्री मोदी ने घाना की संसद को किया संबोधित, बोले- हमारी दोस्ती अनानास से ज्यादा मीठी

लेखन गजेंद्र
Jul 03, 2025
05:51 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिमी अफ्रीकी देश घाना की संसद को संबोधित करते हुए भारत के साथ उसकी दोस्ती को शुगरलोफ अनानास से ज्यादा मीठा बताया। उन्होंने कहा कि जब हम घाना को देखते हैं, तो हम एक ऐसे राष्ट्र को देखते हैं जो साहस के साथ खड़ा है, एक ऐसा राष्ट्र जो हर चुनौती का सम्मान और शालीनता से सामना करता है। इस दौरान मोदी ने घाना द्वारा दिए गए राष्ट्रीय सम्मान के लिए धन्यवाद किया।

संबोधन

घाना पूरे अफ्रीकी महाद्वीप के लिए प्रेरणा का केंद्र बना- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समावेशी प्रगति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने वास्तव में घाना को पूरे अफ्रीका के लिए प्रेरणा का केंद्र बना दिया है। उन्होंने कहा, "आपकी अनुमति से, मैं कह सकता हूं कि हमारी दोस्ती घाना के मशहूर शुगरलोफ अनानास से भी ज्यादा मीठी है। राष्ट्रपति महामा के साथ मिलकर, हम अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।" बता दें, घाना शुगरलोफ अनानास की खेती के लिए मशहूर है, काफी मीठे होते हैं।

बयान

भारत की विविधता कोई चुनौती नहीं- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और विविधता का जिक्र कर कहा, "भारत को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है। हमारे लिए लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, जीवन जीने का तरीका है, जो हमारे मौलिक मूल्यों में गहराई से निहित है। हजारों वर्षों से, हमने लोकतांत्रिक सिद्धांतों को कायम रखा है।" उन्होंने कहा, "भारत में 2,000 से अधिक राजनीतिक दल, 22 आधिकारिक भाषाएं और हजारों बोलियां हैं। यह विविधता कोई चुनौती नहीं बल्कि हमारी ताकत है।"

संबोधन

सच्चा लोकतंत्र चर्चा और बहस को बढ़ावा देता है- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सच्चा लोकतंत्र चर्चा और बहस को बढ़ावा देता है। यह न केवल लोगों को एकजुट करता है, बल्कि सम्मान का समर्थन और मानवाधिकारों को भी बढ़ाता है। उन्होंने अपना भाषण अंग्रेजी में दिया, लेकिन बीच में हिंदी में कहा, "हमारे लिए लोकतंत्र सिस्टम नहीं संस्कार है।" इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में कहा कि भारत की विविधिता की वजह से वह भारत आने वालों लोगों का हमेशा दिल से स्वागत करती है।

जानकारी

घाना से जाएंगे त्रिनिदाद और टोबैगो

घाना से प्रधानमंत्री मोदी अब त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वे अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया का दौरा करेंगे। बता दें कि 3 दशक बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री घाना पहुंचा है। प्रधानमंत्री मोदी 9 जून तक विदेश दौरे पर हैं।