Loading...
SCO सम्मेलन में शहबाज शरीफ के सामने मोदी का आतंकवाद पर कड़ा संदेश, जानिए क्या कहा
SCO शिखर सम्मेलन में शहबाज शरीफ के सामने प्रधानमंत्री मोदी का आतंकवाद पर कड़ा संदेश

SCO सम्मेलन में शहबाज शरीफ के सामने मोदी का आतंकवाद पर कड़ा संदेश, जानिए क्या कहा

लेखन गजेंद्र
Sep 01, 2026
01:00 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में आतंकवाद को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने संपूर्ण आतंकी तंत्र को खत्म करने का आह्वान किया और जोर देकर कहा कि आतंकवाद पर दोहरे मापदंड के लिए कोई जगह नहीं हो सकती। प्रधानमंत्री मोदी ने जिस समय आतंकवाद पर यह बात कही, उस समय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत कई वैश्विक नेता शिखर सम्मेलन में उपस्थित थे।

आतंकवाद

आतंकवाद को लेकर क्या बोले मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन में कहा, "हमें एक स्वर में यह कहना होगा कि इस गंभीर मुद्दे पर दोहरे मापदंड की कोई गुंजाइश नहीं है। जो देश आतंकवाद को नीतिगत साधन के रूप में इस्तेमाल करते हैं और आतंकवादियों को शरण और समर्थन प्रदान करते हैं, उन्हें कड़ा संदेश दिया जाना चाहिए। आतंकवाद किसी के लिए भी रणनीतिक संपत्ति नहीं हो सकता।"

उन्होंने भारत का यह रुख दोहराया कि बातचीत और कूटनीति ही विवादों को सुलझाने का एकमात्र रास्ता है।

सुरक्षा

मोदी ने सुरक्षा को लेकर क्या कहा?

मोदी ने सुरक्षा पर कहा, "आज की परस्पर जुड़ी दुनिया में सुरक्षा का दायरा व्यापक हो गया है। पश्चिम एशिया के संकट ने यह दिखाया कि किसी एक क्षेत्र में होने वाला संघर्ष केवल उसी क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता...इसके प्रभाव विश्व की ऊर्जा सुरक्षा, समुद्री व्यापार और आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़ते हैं।"

उन्होंने कहा कि युद्ध की वजह से वैश्विक दक्षिण के देशों को सबसे अधिक कीमत चुकानी पड़ती है, इसलिए भारत संवाद-कूटनीति से समाधान की अपील दोहराता है।

ADVERTISEMENT

नशा

मादक पदार्थ की तस्करी पर चिंता जताई

मोदी ने मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध को युवाओं और क्षेत्रीय सुरक्षा दोनों के लिए बढ़ता खतरा बताया और इससे निपटने के लिए SCO देशों के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा, "नशीली दवाओं की तस्करी महज एक अपराध नहीं...यह हमारी युवा पीढ़ी और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है।"

उन्होंने सुरक्षा खतरों, संगठित अपराध, सूचना सुरक्षा और नशीले पदार्थों जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए SCO द्वारा स्थापित केंद्रों की प्रशंसा की।

ADVERTISEMENT

संपर्क

कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने कनेक्टिविटी के मुद्दे पर कहा कि भारत बाजारों को जोड़ने, व्यापार को सुगम बनाने और विकास के नए रास्ते बनाने के प्रयासों का समर्थन करता है।

उन्होंने जोर दिया कि ऐसी पहलों में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी का दायरा भौतिक बुनियादी ढांचे से आगे बढ़कर सीमा शुल्क, डिजिटल दस्तावेजीकरण और लॉजिस्टिक्स को भी शामिल करेगा।

बयान

भारत में होगा SCO सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम का आयोजन

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कनेक्टिविटी, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, स्टार्टअप और युवाओं की भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला और SCO सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम की मेजबानी के लिए भारत की तैयारी की घोषणा की।

सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ के अलावा, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कसीम-जोमार्ट टोकायेव, उज्बेक राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव और ताजिक राष्ट्रपति इमोमाली रहमोन ने भी भाग लिया।

ट्विटर पोस्ट

प्रधानमंत्री मोदी का संदेश

ADVERTISEMENT