प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड पहुंचे, क्रिस्टोफर लक्सन ने ऑकलैंड हवाई अड्डे पहुंचकर किया स्वागत
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 6 दिवसीय दौर के अंतिम चरण में शुक्रवार को न्यूजीलैंड पहुंच गए। यहां प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने खुद ऑकलैंड हवाई अड्डे पहुंचकर उनका स्वागत किया। मोदी इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया में अपना दौरा पूरा करके न्यूजीलैंड पहुंचे हैं। पिछले 40 साल में यह पहली बार है, जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड पहुंचा है। मोदी यहां भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।
दौरा
भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे मोदी
मोदी ने एक्स पर लिखा, 'कुछ देर पहले ऑकलैंड पहुंचा हूं। एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का आभारी हूं। यह दौरा ऐतिहासिक है, क्योंकि 4 दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूज़ीलैंड का पहला दौरा है। मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूज़ीलैंड दोस्ती के सभी पहलुओं पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं। कल मैं ऑकलैंड में एक सामुदायिक कार्यक्रम को भी संबोधित करूंगा।' मोदी ने जकार्ता-मेलबर्न में भी भारतीय समुदाय को संबोधित किया था।
ट्विटर पोस्ट
मोदी का स्वागत
Welcome to New Zealand, Prime Minister @narendramodi. pic.twitter.com/NlY0POBBaD
— Christopher Luxon (@chrisluxonmp) July 10, 2026
दौरा
कितना महत्वपूर्ण है न्यूजीलैंड दौरा?
भारत न्यूजीलैंड के साथ FTA पर बात आगे बढ़ाएगा। न्यूजीलैंड का चीन के साथ पहले से FTA करार है। साथ ही, मोदी व्यापार, वाणिज्य, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे। वे ऑकलैंड में प्रमुख कारोबारी और खेल जगत की हस्तियों के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मोदी भारतीयों के लिए आकलैंड और वेलिंगटन के लिए भारत से सीधी उड़ान और UPI लॉन्च कर सकते हैं। मोदी से पहले 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी न्यूजीलैंड आए थे।