किर्गिस्तान में SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन की होगी मुलाकात
क्या है खबर?
मध्य एशियाई देश किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात होगी। मोदी किर्गिज राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 31 अगस्त से 1 सितंबर तक बिश्केक की यात्रा करेंगे। इस दौरान मोदी अन्य नेताओं के साथ बिश्केक में होने वाले छठे विश्व नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल हो सकते हैं।
दौरा
विदेश मंत्रालय ने दौरे को लेकर क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के पश्चिमी सचिव सिबी जॉर्ज ने कहा कि कुछ द्विपक्षीय बैठकों पर काम चल रहा है, जिसमें समय की उपलब्धता और सुविधा के अनुसार बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान भारत-रूस के नेताओं के बीच एक बैठक निर्धारित है, जिसमें दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा कर सकते हैं।
जॉर्ज ने बताया कि बिश्केक में 31 अगस्त को स्वागत रात्रिभोज होगा और अगले दिन शिखर सम्मेलन में मोदी अपना भाषण देंगे।
मुलाकात
आखिरी बार दिल्ली में हुई थी मुलाकात
मोदी वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से लेकर अब तक रूसी राष्ट्रपति पुतिन से करीब 20 बार मुलाकात कर चुके हैं, जिसमें अधिकतर मुलाकात वैश्विक सम्मेलनों में हुई है।
दोनों अंतिम बार 5 दिसंबर, 2025 को नई दिल्ली में, रूस-भारत के 23वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान आमने-सामने मिले थे। तब पुतिन 4-5 दिसंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर आए थे।
पुतिन ने मोदी को मॉस्को का न्यौता दिया है, वे दिसंबर तक दौरा कर सकते हैं।
दौरा
बिश्केक से पहले उज्बेकिस्तान जाएंगे मोदी
मंत्रालय ने बताया कि बिश्केक जाने से पहले, प्रधानमंत्री मोदी उज्बेकिस्तान जाएंगे। यहां के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर 29 से 30 अगस्त तक ताशकंद का दौरा करेंगे।
मोदी अपने प्रधानमंत्रित्व काल में चौथी बार उज्बेकिस्तान की यात्रा करेंगे।
जॉर्ज ने बताया कि पिछले कई वर्षों में, भारत-उज्बेकिस्तान ने द्विपक्षीय और बहुपक्षीय दोनों प्रारूपों में व्यापक और फलदायी संबंध बनाए रखे हैं।
दोनों ने 2011 में अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया और विस्तारित किया है।