किर्गिस्तान में आज मिलेंगे प्रधानमंत्री मोदी और व्लादिमीर पुतिन, SCO सम्मेलन से इतर होगी द्विपक्षीय बातचीत
क्या है खबर?
किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल होंगे, जिनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुतिन अपनी यात्रा के दौरान कुल 9 द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें मोदी के अलावा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन भी शामिल हैं। मोदी और पुतिन अपनी मुलाकात में तेजी से बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच भारत-रूस संबंधों की समीक्षा करेंगे।
यात्रा
2 दिवसीय सम्मेलन में इस मुद्दे पर चर्चा
SCO सम्मेलन 31 अगस्त से 1 सितंबर, 2026 तक होगा। इसका विषय, "SCO के 25 वर्ष: सतत शांति, विकास और समृद्धि की ओर एक साथ" रखा गया है।
इसमें राष्ट्राध्यक्षों की परिषद का मुख्य सत्र 1 सितंबर को होगा। 10 सदस्यीय समूह द्वारा क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद-विरोधी उपायों, संपर्क, व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और डिजिटल सहयोग पर चर्चा होगी।
पुतिन के साथ उनके विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, उपप्रधानमंत्री एलेक्सी ओवरचुक और राष्ट्रपति कार्यालय के उपप्रमुख मैक्सिम ओरेशकिन सम्मेलन में शामिल हुए हैं।
चर्चा
मोदी और पुतिन की बैठक पर नजर
मोदी और पुतिन की बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब भारत अमेरिका-ईरान और यूक्रेन-रूस युद्ध के बीच लगातार जटिल होते वैश्विक भू-राजनीतिक माहौल में मॉस्को के साथ घनिष्ठ रणनीतिक संबंध बनाए हुए है।
बैठक में भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है, जिनमें व्यापार, ऊर्जा, रक्षा और आपसी हित के अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
मोदी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय मुलाकात कर सकते हैं।