यूरोप में हिंसक प्रदर्शनों पर पीयूष गोयल का तंज, बोले- प्रवासी भारतीय तोड़फोड़ में शामिल नहीं
क्या है खबर?
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जर्मनी और नीदरलैंड के 6 दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने जर्मनी में आधिकारिक यात्रा के दौरान प्रवासी भारतीयों की तारीफ की है। उन्होंने बर्लिन में भारतीय समुदायको संबोधित करते हुए यूरोप में हो रहे हिंसक प्रदर्शनों पर तंज कसा और कहा कि भारतीयों ने अपने शांतिपूर्ण व्यवहार और परिवार को ध्यान में रखकर जीने की वजह से विदेशों में सम्मान पाया है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय तोड़फोड़ में विश्वास नहीं रखते हैं।
बयान
क्या बोले गोयल?
गोयल ने यूरोप और अन्य जगह हो रहे हिंसक प्रदर्शन को लेकर कहा, "एक जरूरी स्टैटिस्टिक यह है कि इस देश में आपकी कितनी इज्जत की जाती है। अच्छी बात यह है कि यहां आपकी बहुत जरूरत है, आपका बहुत स्वागत है। वे जानते हैं कि आप तोड़-फोड़ नहीं करते। वे जानते हैं कि आप सड़कों पर जाकर समाज में गड़बड़ी नहीं करते, जैसा कि हम यूरोप के दूसरे हिस्सों में देख रहे हैं।"
अपील
भारतीयों से अपील
गोयल ने जर्मनी में बसे भारतीय छात्रों को सपोर्ट करने के लिए बाहर रहने वाले लोगों से भी अपील की, खासकर उन छात्रों को जो पैसे के मामले में कमजोर बैकग्राउंड से हैं।
उन्होंने कहा कि साथी भारतीयों का सपोर्ट नए लोगों को अनजान माहौल में एडजस्ट करने और विदेश में पढ़ाई और रहने की चुनौतियों से निपटने में मदद कर सकता है।
उन्होंने भारतीय कामगारों के योगदान की तारीफ की और उन्हें ईमानदार और मेहनती बताया।