पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस चौकी पर तालिबानी हमला, 10 पुलिसकर्मी मारे गए
क्या है खबर?
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा में हमले जारी हैं। बुधवार देर रात यहां के हांगू जिल के खजीना बंदा चौकी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिस अधिकारी सहित 10 पुलिसकर्मियों की जान गई है। डॉन अखबार ने खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद के हवाले से बताया कि पुलिस चौकी पर प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमला किया था। हमले में 28 अन्य घायल हैं। हमले में एक बख्तरबंद वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
घटना
ड्रोन से घात लगाकर किया हमला
रॉयटर्स के मुताबिक, आतंकियों ने ड्रोन से घात लगाकर हमला किया था। इसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई।
हमीद ने बताया कि कई घंटों तक चली लड़ाई में 15 हमलावर भी मारे गए हैंं। उन्होंने बताया कि आतंकियों ने हमले के लिए क्वाडकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया था।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चेकपोस्ट पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए पुलिसकर्मियों की मौत पर दुख जताया।
हमला
एक हफ्ते में दूसरा बड़ा हमला
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में इससे पहले 24 जुलाई को बड़ा आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 10 सुरक्षा कर्मी समेत 15 लोग मारे गए थे।
तब पड़ोसी अफगानिस्तान की सीमा से लगती टैंक जिले में एक सुरक्षा चौकी से विस्फोटक से भरी गाड़ी टकरा दी गई थी। हमले का आरोप भी TTP पर लगा था।
बता दें कि पिछले कुछ सालों से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में TTP के हमले बढ़ गए हैं, जिसका आरोप पाकिस्तान पड़ोसी देशों पर लगाता है।