Loading...
पाकिस्तान का नया दिखावा, आतंकी मसूद अजहर पर घोषित किया 70 लाख रुपये का इनाम
पाकिस्तान ने आतंकी मसूद अजहर पर घोषित किया 70 लाख रुपये का इनाम

पाकिस्तान का नया दिखावा, आतंकी मसूद अजहर पर घोषित किया 70 लाख रुपये का इनाम

Sep 14, 2026
03:00 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (FIA) ने अपनी वांछित आतंकवादियों की नई 'रेड बुक' जारी की है। इसमें जैश-ए-मोहम्मद (JeM) प्रमुख और संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित वैश्विक आतंकवादी मसूद अजहर पर इनाम की राशि बढ़ाकर 70 लाख पाकिस्तानी रुपये (PKR) कर दिया गया है। पाकिस्तान का यह कदम अक्टूबर 2026 में होने वाली फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की बैठक से ठीक पहले आया है, ताकि वह ग्रे सूची में शामिल होने से बच सके।

बढ़ोतरी

पाकिस्तान ने इनाम में की 20 लाख रुपये की बढ़ोतरी

पाकिस्तान ने साल 2021 में भी मसूद अजहर पर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

अब करीब 5 साल बाद इस रकम में 20 लाख रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 70 लाख रुपये किया गया है।

पाकिस्तान का दावा है कि मसूद अजहर अफगानिस्तान में छिपा हुआ है। हालांकि, भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक वह पाकिस्तान में ही है और पिछले करीब 6 महीनों से उसके सिंध प्रांत के नवाबशाह में होने की सूचनाएं सामने आई हैं।

आतंकी

सूची में मुंबई हमले के 19 आतंकियों के नाम भी शामिल

FIA की नई सूची में मुंबई के 26/11 आतंकी हमले से जुड़े 19 आतंकियों के नाम भी शामिल हैं। इनमें से 17 आतंकियों की तस्वीर और 26/11 हमले में उनकी भूमिका का विवरण दिया गया है।

हालांकि, 2 आतंकियों के मामले में तस्वीर, लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से संबंध और हमले में उनकी भूमिका का विवरण हटा दिया गया है।

आतंकियों को मुंबई पहुंचाने के लिए 'अल-हुसैनी' नाव उपलब्ध कराने वाले मोहम्मद खान का नाम भी सूची में है।

ADVERTISEMENT

मदद

आतंकियों ने कैसे की थी मदद?

FIA की सूची में 26/11 हमले में आतंकियों की मदद करने वाले कई लोगों के नाम शामिल हैं।

इनमें मुहम्मद अमजद खान, शाहिद गफूर, मोहम्मद उस्मान, अतीक उर रहमान, रियाज अहमद, मुहम्मद मुश्ताक, मुहम्मद नईम, अब्दुल शकूर, मुहम्मद साबिर सल्फी, मुहम्मद उस्मान और शकील अहमद ने आतंकियों को नावों के जरिए मुंबई पहुंचाने में मदद की थी।

इसके अलावा मोहम्मद जिया, मोहम्मद अब्बास नासिर, जावेद इकबाल, मुख्तार अहमद और अहमद सईद ने हमले के लिए आर्थिक मदद की थी।

ADVERTISEMENT

दावा

पाकिस्तान ने किया आतंकियों के फरार होने का दावा

FIA के मुताबिक, 26/11 हमले से जुड़े ये सभी 17 आतंकी करीब 18 साल से फरार हैं। हालांकि, भारतीय खुफिया एजेंसियों के सूत्रों का दावा है कि ये आतंकी पाकिस्तान में ही मौजूद हैं।

आतंकियों को मोस्ट वांटेड सूची में डालना और उनके खिलाफ वास्तविक कार्रवाई न करना पाकिस्तान की खानापूर्ति और दुनिया को गुमराह करने की कोशिश है।

बता दें कि साल 2021 की सूची में 1,330 आतंकियों के नाम थे और अब यह संख्या 1,804 हो गई है।

ADVERTISEMENT