LOADING...
पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास के पास खामेनेई समर्थकों के प्रदर्शन के दौरान 35 की मौत
पाकिस्तान में खामेनेई के समर्थन में विरोध प्रदर्शन के दौरान 35 की मौत (फाइल तस्वीर)

पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास के पास खामेनेई समर्थकों के प्रदर्शन के दौरान 35 की मौत

लेखन गजेंद्र
Mar 02, 2026
04:22 pm

क्या है खबर?

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के विरोध में पाकिस्तान में हुए हिंसक प्रदर्शन में मरने वालों का आंकड़ा 35 पहुंच गया है। प्रदर्शनकारियों के मौत के आंकड़े इस्लामाबाद और कराची समेत कई शहरों के बताए जा रहे हैं, जहां विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों से झड़प हुई थी। कराची में अमेरिकी मरीन कोर सुरक्षा टुकड़ी और सिंध पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाई थी।

हिंसा

सबसे अधिक कराची में मौत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे अधिक प्रदर्शनकारियों की मौत कराची में हुई है। कराची में अमेरिका के वाणिज्य दूतावास परिसर के अंदर प्रदर्शनकारी प्रवेश कर गए थे और पथराव किया था। यहां 16 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा, गिलगित में 7, स्कार्दू में 6 और इस्लामाबाद में 6 लोग मारे गए। लाहौर में भी कुछ लोगों के मारे जाने की खबर है। पाकिस्तान सरकार की ओर से अभी 20 से कम मौतों की पुष्टि की गई है।

कर्फ्यू

गिलगित-बाल्टिस्तान में कर्फ्यू लगाया गया

देश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के बीच गिलगित-बाल्टिस्तान सरकार ने कर्फ्यू लगाने का आदेश दिया। उसने क्षेत्र के कुछ हिस्सों में पाकिस्तानी सैनिकों की तैनाती की मांग की। गृह एवं कारागार विभाग ने आशंका जताई है कि ईरान में हो रहे घटनाक्रमों से भड़के बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन अशांति को और बढ़ा सकते हैं। पंजाब प्रांत में हिंसा में घायल हुए लोगों से निपटने के लिए प्रांत के सभी अस्पतालों में आपातकाल घोषित किया गया है।

Advertisement