Loading...
लाहौर का AQI 600 पार, पाकिस्तानी मंत्री ने लुधियाना-जालंधर को जिम्मेदार बताया
लाहौर का AQI 600 पार पहुंचने पर पाकिस्तानी मंत्री ने लुधियाना-जालंधन को जिम्मेदार बताया

लाहौर का AQI 600 पार, पाकिस्तानी मंत्री ने लुधियाना-जालंधर को जिम्मेदार बताया

लेखन गजेंद्र
Nov 10, 2026
10:02 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान का लाहौर भी वायु प्रदूषण से कराह रहा है। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 600 के पार चला गया है और पाकिस्तानी मंत्री इसके लिए भारत को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। पंजाब प्रांत की वरिष्ठ मंत्री मरियम औरंगजेब ने दावा किया कि सीमा पार दिवाली के दौरान बड़े पैमाने पर हुई आतिशबाजी की वजह से वायु गुणवत्ता खराब हुई है। उनका कहना है कि कई भारतीय शहरों से प्रदूषित हवा पूर्वी कॉरिडोर के जरिए लाहौर में आ रही है।

प्रदूषण

मंत्री ने क्या कहा?

पाकिस्तानी मंत्री ने एक्स पर लिखा कि 8 नवंबर को लाहौर में वायु प्रदूषण, दिवाली के दौरान बड़े पैमाने पर आतिशबाजी के कारण बढ़ गया था। भारत के शहरों बठिंडा, जालंधर, फिरोजपुर, लुधियाना, खेमकरण, अमृतसर, फाजिल्का और तरनतारन से पूर्वी गलियारे के रास्ते आने वाली प्रदूषित हवा ने लाहौर के AQI (वायु गुणवत्ता सूचकांक) को बढ़ा दिया था।

उन्होंने मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ को स्थानीय स्तर पर प्रदूषण के स्रोतों पर सख्त नियंत्रण के लिए सराहा।

सलाह

पंजाब में लोगों के लिए सलाह जारी

पाकिस्तानी मंत्री ने बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और हृदय-सांस रोगियों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने और खिड़कियां-रोशनदान बंद रखने की सलाह दी है।

उन्होंने कुछ समय के लिए मॉर्निंग वॉक, जॉगिंग, साइकिलिंग और बाहर की अन्य सभी गतिविधियों पर रोक लगाने को भी कहा है।

मंत्री ने घर या आस-पास के इलाकों में कचरा, पत्ते या अन्य चीज़ें जलाने से पूरी तरह बचने और पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) के दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा है।

ADVERTISEMENT