पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा के वजीरिस्तान में IED धमाका, कबायली मुखिया समेत 4 की मौत
क्या है खबर?
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा में सोमवार को फिर बड़ा धमाका हुआ है। विस्फोट में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का उपयोग किया गया था, जिसमें 4 लोग मारे गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोपहर में वज़ीरिस्तान जिले के वाना कस्बे में गुलशन प्लाजा के पास एक भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्र में भीषण धमाका किया गया है। घटना के समय क्षेत्र में व्यापारी, खरीदारों और स्थानीय निवासी मौजूद थे। मृतकों में एक बुजुर्ग कबायली मुखिया भी शामिल थे।
विस्फोट
मुखिया के ही वाहन को बनाया गया था निशाना
जिला पुलिस अधिकारी मोहम्मद ताहिर शाह वज़ीर ने बताया कि विस्फोट में अहमदजई कबीले के मुखिया मलिक तारिक सवार के वाहन को निशाना बनाया गया था। वे बाजार से गुजर रहे थे, तभी धमाका हो गया। इस दौरान 3 लोगों की तुरंत मौत हो गई, जबकि 5 लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बल तैनात किया है और संदिग्धों की तलाश शुरू की है।
जांच
2004 से अब तक 3,000 कबायली बुजुर्गों की हत्या
अभी तक किसी समूह ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पाकिस्तानी तालिबान या तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) पर शक है। इस्लामाबाद स्थित थिंक-टैंक फाटा रिसर्च सेंटर के कार्यकारी निदेशक मंसूर खान महसूद ने बताया कि 2004 से अब तक पाकिस्तान में लगभग 2,500 से 3,000 आदिवासी बुजुर्गों की हत्या की जा चुकी है। पाकिस्तान के पूर्व जनजातीय जिलों में हुए हमलों ने इन क्षेत्रों की पश्तून जनजातियों के नेतृत्व को लगभग पंगु बना दिया है।