इस्लामाबाद के जिस सेरेना होटल में हुई अमेरिका-ईरान की बैठक, उसका बिल नहीं चुका पाई सरकार
क्या है खबर?
कर्ज के बोझ से दबे पाकिस्तान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी किरकिरी कराई है। पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद के जिस सेरेना होटल में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता कराई थी, अभी तक उसका बिल नहीं चुकाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, होटल का बिल होटल के मालिक को चुकाना पड़ा है। होटल के मालिक आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क से जुड़े हैं।
बकाया
इस्लामाबाद का 5 सितारा होटल है सेरेना
सेरेना होटल इस्लामाबाद का 5 सितारा होटल है। इसका उद्घाटन 2002 में तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्ऱफ ने किया था। होटल का मालिकाना हक आगा खान फंड ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट के पास और संचालन सहायक कंपनी टूरिज्म प्रमोशन सर्विस करती है। होटल में प्रति-रात का डीलक्स रूम का किराया करीब 13 हजार रुपये और एग्जीक्यूटिव रूम का किराया 23 हजार रुपये तक है। प्रेसिडेंशियल सुइट करीब 93 हजार रुपये प्रति-रात है। होटल के आसपास मार्गल्ला हिल्स और रावल झील है।
वार्ता
विफल हो गई वार्ता
पाकिस्तान ने मध्यस्थता के तहत 10 से 12 अप्रैल के बीच 'इस्लामाबाद वार्ता' के रूप में अमेरिका और ईरान के प्रमुख नेताओं और प्रतिनिधिमंडल को शांति वार्ता के लिए बुलाया था। इस दौरान अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु संवर्धन को लेकर कोई सहमति नहीं बनी और बातचीत विफल हो गई। अब अगले दौर की वार्ता की योजना बन रही है। हालांकि, वार्ता को इस्लामाबाद या जिनेवा में करने की योजना है। अभी इस पर मुहर नहीं लगी है।