इमरान खान ने पाकिस्तानी शीर्ष जजों को खुला खत लिखा, कहा- शायद मैं जिंदा न लौटूं
क्या है खबर?
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट (FCC), सुप्रीम कोर्ट (SC) और इस्लामाबाद हाई कोर्ट (IHC) के मुख्य न्यायाधीश को खुला खत लिखा है। उन्होंने जजों से अपनी और अपनी पत्नी बुशरा बीबी के इलाज की मांग करते हुए आशंका जताई कि उनको हृदयाघात और ब्रेन हैमरेज का खतरा है, जिससे उनकी मौत हो सकती है। उनका पत्र एक्स पर इमरान के वकील बैरिस्टर सलमान सफदर ने साझा किया है।
पत्र
इमरान ने पत्र में क्या लिखा?
सफदर ने 2 और 11 नवंबर को अदियाला जेल में खान से मुलाकात की थी और पत्र जजों को पहुंचाने को कहा था।
इमरान ने पत्र में लिखा, "मैंने अपनी जिंदगी अस्पताल बनाने में लगा दी ताकि जो इलाज का खर्च न उठा पाने वालों को मुफ्त में इलाज मिल सके। आज, मैं बस यही चाहता हूं कि मेरी पत्नी और मेरा इलाज हो।"
उन्होंने लिखा कि उनकी आवाज इन दीवारों से बाहर निकलने का यही एकमात्र तरीका था।
चिंता
अल्लाह की कृपा से मैं बच गया- खान
खान ने लिखा, "मैं न तो पूर्व प्रधानमंत्री, न किसी राजनीतिक पार्टी के प्रमुख के तौर पर ये लिख रहा हूं। मैंने अपनी जिंदगी पाकिस्तान को दी है। मैंने क्रिकेट के मैदान, सामाजिक कामों और समाजसेवा में और 22वें प्रधानमंत्री के तौर पर इस देश की सेवा की है। 70 साल तक मेरे खिलाफ एक भी आपराधिक मामला नहीं चला। एक हत्या की कोशिश हुई, जिसमें अल्लाह की कृपा से मैं बच गया। फिर भी कानून का रास्ता चुना।"
चिंता
जेल में 22 घंटे तकलीफ देने वाली कैद- खान
खान ने लिखा कि उनको जेल में बाहरी दुनिया से अलग-थलग और दिन में 22 घंटे तकलीफ देने वाली अकेली कैद में रखा गया है।
उन्होंने लिखा, "अकेलेपन में, मेरा ब्लड प्रेशर कंट्रोल से बाहर है। डॉक्टर मुझे बता रहे हैं कि मुझे ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का बहुत खतरा है। मेरे दिल को पहले ही नुकसान हो चुका है। 74 की उम्र में, यह लगातार हालत मुझे जहां ले-जा रही है, शायद मैं जिंदा वापस न आ पाऊं।"