
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को मिली पदोन्नति, अब बने फील्ड मार्शल
क्या है खबर?
भारत के साथ तनाव के दौरान बुरी तरह मात खाने वाले पाकिस्तान ने अपने सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को देश में सेना के सर्वोच्च फील्ड मार्शल पद पर पदोन्नत किया है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, देश के केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को मुनीर को फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व में हुई थी।
फैसला
भारत के खिलाफ जंग में जीत की झूठी खुशी मना रहा पाकिस्तान
पाकिस्तानी सरकार के आधिकारिक बयान के मुताबिक, जनरल असीम मुनीर को भारत के खिलाफ ऑपरेशन में उनके रणनीतिक नेतृत्व और दुश्मन को निर्णायक हार दिलाने के लिए पदोन्नत किया गया है।
इसके अलावा मंत्रिमंडल ने एक और फैसला सर्वसम्मति से लिया है, जिसमें एयर चीफ मार्शल जहीर बाबर सिद्धू को उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद भी सेवा में बनाए रखने का फैसला किया है।
शक्ति
पाकिस्तान में लोकतंत्र का बुरा हाल
पाकिस्तान में सरकार ने यह फैसला ऐसे समय पर लिया है, जब कुछ दिन पहले ही वहां की सर्वोच्च कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए नागरिकों के खिलाफ सैन्य कोर्ट में मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी थी।
यह फैसला बताता है कि पाकिस्तान में सेना ही सर्वोच्च है और वहां लोकतांत्रिक मूल्यों का कोई सरोकार नहीं है।
कोर्ट के फैसले से असीम मुनीर के नेतृत्व वाली सैन्य व्यवस्था को खुली छूट मिलने की उम्मीद है।
जानकारी
1959 में मुहम्मद अयूब खान को मिली थी पदोन्नति
पाकिस्तान में फील्ड मार्शल पद इससे पहले मुहम्मद अयूब खान को 1959 में मिला था। उन्होंने यह रैंक खुद को दी थी। यह रैंक प्रतिष्ठित और प्रतीकात्मक है। खान ने 1958 में सैन्य तख्तापलट के बाद सत्ता हासिल कर 1969 तक शासन किया था।