अफगानिस्तान पर पाकिस्तान ने फिर किया हवाई हमला, 9 लोग मारे गए
क्या है खबर?
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ रहा है। गुरुवार तड़के एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान पर हवाई हमला किया है। अफगान की तालिबान सरकार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हमले में 9 लोग मारे गए हैं, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। अभी तक पाकिस्तान सेना या सरकार की ओर से हमले को लेकर कोई बयान नहीं दिया गया है। हमले में कई घर नष्ट हुए हैं।
हमला
कुनार और हेलमंद प्रांतों पर हमला
अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने एक्स पर बताया कि कुनार और हेलमंद प्रांतों में हुए हमलों में 3 घर नष्ट हो गए हैं।
मुजाहिद ने कहा, "हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 9 लोग मारे गए। हम इस कृत्य की निंदा करते हैं और इसे सभी स्वीकृत सिद्धांतों का उल्लंघन करने वाला आक्रमण और अपराध मानते हैं।"
बता दें कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने कंधार में हवाई हमले किए थे।
विवाद
3 महीने की शांति के बाद तनाव बढ़ा
दक्षिण एशियाई पड़ोसी देश के बीच पिछले 3 महीनों तक शांति थी, लेकिन हाल में फिर तनाव बढ़ गया है।
दरअसल, पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा में सैन्य और पुलिस ठिकानों पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के हमले बढ़ते जा रहे हैं, जिससे पाकिस्तान बौखलाया हुआ है।
पाकिस्तान हमलों का और तालिबानी आतंकियों को शह देने का आरोप अफगानिस्तान पर लगाता है, जबकि अफगानिस्तान इसको पाकिस्तान की आंतरिक समस्या बताता है।
पाकिस्तान में पिछले दिनों कई बड़े हमले हुए हैं।