LOADING...
पाकिस्तानी हमले में अफगानिस्तान में बच्चों और महिलाओं समेत 36 की मौत, 163 लोग घायल
पाकिस्तानी हमले में अफगानिस्तान में बच्चों और महिलाओं समेत 36 की मौत

पाकिस्तानी हमले में अफगानिस्तान में बच्चों और महिलाओं समेत 36 की मौत, 163 लोग घायल

लेखन गजेंद्र
Jun 29, 2026
07:32 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार ने बताया कि रविवार रात को हुए पाकिस्तानी हवाई हमले में कम से कम 36 लोगों की जान गई है, जबकि 163 लोग घायल हुए हैं। तालिबान प्रशासन के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने एक्स पर तस्वीरें साझा कर हुए लिखा कि पाकिस्तानी सेना ने कल रात पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों पर हवाई बमबारी की थी। फितरत ने बताया कि 36 मृतकों में महिलाओं और बच्चे भी शामिल हैं।

हमला

पक्तिया में सबसे अधिक जान गई

फितरत ने बताया कि पक्तिया प्रांत में जमखानी ज़िले के मंडुखेल गांव में पाकिस्तानी J-10 विमानों की बमबारी से एक रिहायशी घर पर हमला हुआ, जिसमें एक बुज़ुर्ग और एक बच्चे की मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों पर दोबारा बमबारी हुई, जिसमें 28 की मौत हो गई और 158 लोग घायल हो गए। पक्तिका प्रांत के गयान जिले के वालोस्ट गांव और कुनार प्रांत के नाराय जिले के बारोलू गांव में बमबारी हुई थी।

बदला

पाकिस्तान ने कराची में हुए हमले का बदला लिया

पाकिस्तान ने यह हमला तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के एक अलग गुट 'जमात-उल-अहरार' द्वारा कराची में हुए हमले के एक दिन बाद किया है। कराची में अर्धसैनिक रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय पर बंदूकों और विस्फोटकों से लैस आतंकवादियों ने हमला हुआ था, जिसमें 4 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे और कई घायल हुए थे। पाकिस्तान सरकार ने दावा किया कि रविवार रात हुए हमले में अफगानिस्तान सीमा पर 29 तालिबानी लड़ाके मारे गए हैं।

Advertisement