LOADING...
पाकिस्तान: बलूचिस्तान में हमलावरों ने 7 मजदूरों की गोली मारकर हत्या की
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में 7 मजदूरों की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर: एक्स/@NewsNowJK)

पाकिस्तान: बलूचिस्तान में हमलावरों ने 7 मजदूरों की गोली मारकर हत्या की

लेखन गजेंद्र
May 09, 2024
12:59 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान में गुरुवार तड़के बंदूकधारी हमलावरों ने एक घर में घुसकर 7 मजदूरों की हत्या कर दी। सभी मजदूर पंजाब प्रांत के रहने वाले थे। समाचार एजेंसी AP के मुताबिक, वारदात को बंदरगाह शहर ग्वादर में अंजाम दिया गया। सभी मजदूर एक साथ रहते और नाई का काम करते थे। प्रांतीय आंतरिक मंत्री जियाउल्लाह लांगौ ने हत्या की निंदा करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों का पता लगा रही है।

हमला

सो रहे थे सभी मजदूर

ग्वादर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोहैब मोहसिन ने डॉन वेबसाइट को बताया कि घटना के समय सभी नाई कमरे में सो रहे थे, तभी 3 बजे उन्हें गोलियां मारी गई। घटना में एक व्यक्ति गोली लगने के बाद भी बच गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मोहसिन ने बताया कि सभी शवों को उनके घर भेज दिया गया है। पुलिस ने इलाके की घेराबंद कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

हत्या

बलूचिस्तान में पंजाब के लोगों को भगाने का चल रहा है अभियान

AP के मुताबिक, गोलबारी की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि, बलूचिस्तान में अलगाववादी संगठनों ने पंजाब और अन्य जगह से आए मजदूरों को भगाने के लिए एक अभियान चला रखा है। पिछले महीने बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने एक राजमार्ग पर एक बस से अगवा किए गए पंजाब प्रांत के 9 लोगों की हत्या की जिम्मेदारी ली थी और कहा था कि बस में जासूस थे। बता दें कि बलूचिस्तान में इस्लामी आतंकवादियों की मौजूदगी है।