LOADING...
इजरायल में संदिग्ध आतंकी हमले में एक व्यक्ति की मौत, 5 अन्य घायल
इजरायल में संदिग्ध आतंकी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है

इजरायल में संदिग्ध आतंकी हमले में एक व्यक्ति की मौत, 5 अन्य घायल

Jun 07, 2026
07:32 pm

क्या है खबर?

इजरायल में कब्जे वाले वेस्ट बैंक के पास रविवार को एक संदिग्ध आतंकी गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और फिर हमलावर आतंकी की तलाश की। कुछ देर बाद पुलिस ने मुठभेड़ में संदिग्ध आतंकी को भी मार गिराया। हालांकि, इस बारे में और कोई जानकारी नहीं दी गई है और आतंकी की पहचान भी उजागर नहीं की गई है।

हमला

हमले में हुई 35 वर्षीय युवक की मौत

इजरायली बचाव सेवा मैगन डेविड एडोम ने बताया कि रविवार को हुए हमले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायलों को 2 अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने आगे बताया कि घायलों में से 2 की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर तैयबे निवासी फिलिस्तीनी नागरिक था, जिसके पास इजरायली नागरिकता थी। हमलावर द्वारा इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है।

अपील

पुलिस ने लोगों से की सतर्कता बरतने की अपील

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने, पुलिस के निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध घटना या व्यक्ति की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पहले पुलिस ने कहा था कि कब्जे वाले वेस्ट बैंक शहर कल्किल्या के पास कोचाव याइर इलाके के प्रवेश द्वार पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर राहगीरों पर गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद इजरायली सेना ने हस्तक्षेप किया। हमलावर ने कोचाव याइर, त्ज़ुर यित्जाक और त्ज़ुर नातान में गोलीबारी की थी।

Advertisement

बयान

प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी जारी किया बयान

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि वह गोलीबारी के हमले की स्थिति का आकलन कर रहा है। घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। हर संदिग्ध गतिविधि की निगरानी बढ़ा दी गई है। इधर, फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास ने इस गोलीबारी की तारीफ की है, लेकिन हमले की जिम्मेदारी नहीं ली। ऐसे में पुलिस इसे एक संदिग्ध आतंकी हमला मानकर कार्रवाई कर रही है।

Advertisement