Loading...
मेक्सिको में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 15 वर्षीय कुख्यात शूटर समेत सरगना चाचा ढेर
मेक्सिको में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 15 वर्षीय कुख्यात शूटर समेत सरगना चाचा ढेर

मेक्सिको में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 15 वर्षीय कुख्यात शूटर समेत सरगना चाचा ढेर

Sep 06, 2026
05:06 pm

क्या है खबर?

मेक्सिको के पश्चिमी राज्य मिकोआकन में सुरक्षा बलों ने एक बड़े सैन्य ऑपरेशन में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह 'कार्टेल डी लॉस रेयेस' के शीर्ष कमांडर लुइस बर्रागन उर्फ LR-5 और उसके 15 वर्षीय भतीजे शूटर अल्बर्टो सैंडोवाल को मार गिराया है। 'चुचिटो निनी' के नाम से मशहूर यह 15 वर्षीय किशोर गिरोह के लिए शूटर के रूप में काम करता था और सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग बच्चों की भर्ती करता था।

घेराबंदी

खुफिया सूचना के आधार पर तोकुम्बो में की घेराबंदी

मेक्सिकन सेना, नेशनल गार्ड, राज्य पुलिस और अटॉर्नी जनरल के कार्यालय को मिकोआकन के तोकुम्बो इलाके में इस गिरोह के सरगना बर्रागन के छिपे होने का सटीक खुफिया जानकारी मिली थी।

30 अगस्त को जब सुरक्षा बलों ने इस इलाके को घेरा, तो गिरोह के गुर्गों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने सरगना और उसके भतीजे को ढेर कर दिया। यह मेक्सिकन पुलिस के लिए बड़ी सफलता है।

तस्वीरें

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें

जांच अधिकारियों के मुताबिक, 15 वर्षीय अल्बर्टो अपने चाचा बर्रागन का निजी अंगरक्षक था। सोशल मीडिया पर उसके अकाउंट्स से मिली तस्वीरों ने सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया है।

बचपन की कुछ तस्वीरों में वह मेक्सिकन फुटबॉल क्लब 'चिवास डी ग्वाडलाजारा' की जर्सी में दिख रहा था, लेकिन हालिया तस्वीरों में वह सैन्य उपकरण, असॉल्ट राइफलें और पैरों पर पिस्टल का होल्स्टर बांधे पेशेवर लड़ाके की तरह नजर आ रहा था।

ADVERTISEMENT

इनाम

अमेरिका ने घोषित किया था 25 करोड़ रुपये का इनाम

बर्रागन मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के मामले में अमेरिका का वांछित अपराधी था। अमेरिका ने उस पर 30 लाख डॉलर (करीब 25 करोड़ रुपये) के इनाम घोषित कर रखा था।

इस सफलता पर मेक्सिको में अमेरिकी राजदूत रोनाल्ड जैक्सन ने एक्स पर लिखा, 'एक और वांछित गिरोह नेता अब हमारे समुदायों को नहीं डरा पाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व और मेक्सिको की साझेदारी के साथ इन नेटवर्क को खत्म करने के लिए मिलकर काम जारी रखेंगे।'

ADVERTISEMENT