मोदी की यात्रा से पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री का ऐलान, पहले दिन से टैरिफ छूट
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड की यात्रा से पहले उनके समकक्ष प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री लक्सन ने प्रस्तावित भारत-न्यूजीलैंड व्यापार समझौते की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारतीय बाजार तक पहुंच का विस्तार करके न्यूजीलैंड के व्यवसायों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड भारत को जो भी सामान भेजता (निर्यात) है, उसमें से 57 प्रतिशत पर पहले दिन से ही कोई टैरिफ नहीं लगेगा।
टैरिफ
न्यूजीलैंड को होगा जबरदस्त फायदा- लक्सन
लक्सन ने एक्स पर लिखा, 'भारत के साथ हमारे व्यापार समझौते से न्यूजीलैंड के व्यापार में जबरदस्त तेजी आएगी। हम भारत को जो सामान निर्यात करते हैं, उसमें से 57 प्रतिशत पर पहले दिन से ही कोई टैरिफ नहीं लगेगा।' अभी न्यूजीलैंड के डेयरी, फल, मांस, लकड़ी पर उच्च टैरिफ 10-40 प्रतिशत तक है, जिससे न्यूजीलैंड को निर्यात महंगा पड़ता था। अब 95 प्रतिशत निर्यात पर टैरिफ कम या खत्म होगा। अभी दोतरफा व्यापार 10,800 से 15,000 करोड़ रुपये है।
दौरा
10 और 11 जुलाई को न्यूजीलैंड जाएंगे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी 10 और 11 जुलाई को न्यूजीलैंड की 2 दिवसीय राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा लगभग चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड की पहली राजकीय यात्रा होगी। ऑकलैंड में अपने प्रवास के दौरान, मोदी अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और दोनों देशों के बीच संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का मुख्य उद्देश्य व्यापार, वाणिज्य और रक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना है।