मौत की अफवाहों के बीच बेंजामिन नेतन्याहू ने साझा किया वीडियो, कॉफी पीते आए नजर
क्या है खबर?
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर अपनी मौत से जुड़ी अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है। ये अफवाहें ईरान के हमले के बाद सोशल मीडिया पर फैलने लगी थीं। कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि टीवी पर दिख रहे नेतन्याहू की छह उंगलियां थीं और यह वीडियो AI से बनाया गया है। नए वीडियो में नेतन्याहू एक कैफे में कॉफी ऑर्डर करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो
मैं मर रहा हूं… कॉफी के लिए- नेतन्याहू
कॉफी ऑर्डर करते समय नेतन्याहू कहते हैं, "मैं मर रहा हूं... कॉफी के लिए।" वीडियो में नेतन्याहू ने अपने हाथ भी दिखाए ताकि AI से छेड़छाड़ वाली अफवाहों को खारिज किया जा सके। उन्होंने कहा, "आप जानते हैं क्या? मैं अपने लोगों के लिए 'मरने' को तैयार हूं।" उन्होंने इजरायल के नागरिकों से अपील की कि वे सुरक्षित स्थानों के पास रहें और होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का पालन करें।
ट्विटर पोस्ट
सामने आया नेतन्याहू का वीडियो
אומרים שאני מה? צפו >> pic.twitter.com/ijHPkM3ZHZ
— Benjamin Netanyahu - בנימין נתניהו (@netanyahu) March 15, 2026
तनाव
इजरायल और ईरान में बड़ा तनाव
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब इजरायल और ईरान के बीच तनाव काफी बढ़ा हुआ। पिछले महीने अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए। पेंटागन के अनुसार, अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने ईरान में 15,000 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है।