नेपाल पुलिस ने बाढ़ में बहकर आई कीमती चीजों को लेकर जारी की चेतावनी
क्या है खबर?
नेपाल में आई विनाशकारी अचानक बाढ़ के बाद अब नया संकट खड़ा हो गया है। बाढ़ में बहकर आए सोने-चांदी, नकदी और अन्य कीमती सामानों को लोगों द्वारा अपने पास रखने और बेचने की घटनाएं सामने आने लगी है। इसको लेकर पुलिस ने रविवार को देशव्यापी चेतावनी जारी की है। पुलिस ने बाढ़ में बहकर आई कीमती वस्तु या दस्तावेज को तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में न जमा कराने पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
गिरफ्तारी
बैंक की तिजोरी तोड़ने के मामले में 29 गिरफ्तार
नेपाल पुलिस की यह चेतावनी धादिंग जिले में घटी एक बड़ी घटना के बाद सामने आई है। बाढ़ के पानी में एक बैंक की पूरी सुरक्षित तिजोरी बहकर चली गई थी।
ग्रामीणों को यह बेल्खुखोला में त्रिशूली नदी के किनारे मिली थी। इसके बाद लोगों ने तिजोरी को कटर आदि से तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी निकालकर अपने पास रख ली।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खतरा
राहत और बचाव के बीच बढ़ा चोरी-लूट का खतरा
नेपाल पुलिस ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि जब सुरक्षा बल और राहत एजेंसियां पूरी तरह से लोगों की जान बचाने और खोज अभियान में व्यस्त होती हैं, तो ऐसी आपदा की स्थिति में चोरी, लूटपाट और धोखाधड़ी की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी कोई भी वस्तु मिलने पर अधिकारियों को सूचित करें ताकि उसे उसके असली मालिक तक पहुंचाया जा सके।
आपदा
नेपाल में आई बाढ़ में हुई 1,300 से अधिक लोगों की मौत
यह भीषण बाढ़ 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर टूटने के कारण आई थी।
इसके चलते भोटेकोशी नदी में जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिसने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों को पूरी तरह तबाह कर दिया।
इस त्रासदी में अब तक 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 5,000 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं। इनमें सैकड़ों भारतीय नागरिक भी शामिल हैं जो बाढ़ के समय वहां मौजूद थे।