अमेरिकी हमलों में दोबारा बची थी मोजतबा खामेनेई की जान, मलबे से जिंदा निकाले गए
क्या है खबर?
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आई है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान के एक अस्पताल पर हुए अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों के बाद खामेनेई को मलबे से बाहर निकाला गया था। पिछले काफी समय से उनके स्वास्थ्य और जीवित होने को लेकर चल रही अटकलों के बीच यह पहला बड़ा आधिकारिक खुलासा है। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
पुष्टि
मोहसिन हैदरी ने की घटना की पुष्टि
कतर के टेलीविजन नेटवर्क 'अल अरबी' को दिए साक्षात्कार में ईरान की विशेषज्ञों की सभा के सदस्य मोहसिन हैदरी ने इस घटना की पुष्टि की है।
यह घटनाक्रम 28 फरवरी को तेहरान पर अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों से जुड़ा है, जिसमें ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई (86) और दर्जनों शीर्ष अधिकारी मारे गए थे।
उस दौरान मोजतबा भी गंभीर रूप से घायल हुए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हमला
तेहरान के 3 अस्पतालों पर भी हुए हमले- हैदरी
हैदरी ने कहा, "मोजतबा को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद भी दुश्मनों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। तेहरान के 3 अस्पतालों पर बमबारी की गई। मोजतबा तीसरे अस्पताल में मौजूद थे और उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया था।"
इस घटना के बाद से ही 56 वर्षीय मोजतबा किसी अज्ञात स्थान पर चले गए हैं और तब से वे न तो सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं और ना ही उनके बारे में कोई जानकारी सामने आई है।
चयन
गोपनीय तरीके से चुने गए ईरान के नए सर्वोच्च नेता
रिपोर्ट के अनुसार, विशेषज्ञों की सभा भी अमेरिका और इजरायल के निशाने पर थी। शुरुआती हमलों के बाद इस परिषद के सदस्यों ने एक गुप्त एजेंडे के तहत बिना किसी पूर्व जानकारी के एक अज्ञात स्थान पर बैठक की।
इस गुप्त मतदान में मोजतबा को 59 में से 50 वोट मिले और उन्हें नया सर्वोच्च नेता चुन लिया गया। 8 मार्च को सरकारी टेलीविजन प्रसारण होने के बाद ही मोजतबा को भी अपने चयन की जानकारी मिली थी।
जानकारी
मोजतबा की योग्यता पर क्या बोले हैदरी?
हैदरी ने कहा, "हमें जानकारी मिली थी कि मोजतबा स्वस्थ हैं और नेतृत्व करने में सक्षम हैं। हमने यह निर्धारित किया कि वे देश का प्रबंधन करने के लिए धार्मिक योग्यता, न्याय और सक्षमता की सभी शर्तों को पूरा करते हैं।"
सहमति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी जता चुके हैं सहमति
मोजतबा की मौत पर अगस्त में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी।
उन्होंने कहा था, "मुझे नहीं लगता कि वह मर चुके हैं। वह बहुत गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनके शरीर का बायां हिस्सा, हाथ, पैर, सब कुछ बहुत गंभीर रूप से चोटिल था, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह मृत हैं।"
इस ताजा खुलासे ने अब यह साफ कर दिया है कि मोजतबा जीवित हैं और ईरान का नेतृत्व कर रहे हैं।