भगोड़े मेहुल चोकसी के वकील पर लंदन में यौन उत्पीड़न का आरोप, सहायक संग गिरफ्तार
क्या है खबर?
भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी का कोर्ट में प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय आपराधिक वकील विजय अग्रवाल को लंदन में गिरफ्तार किया गया है। अग्रवाल पर 2 महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के 4 आरोप हैं। उनकी निजी सहायक मनप्रीत कौर को भी 2 अपराधों को अंजाम देने के लिए जानबूझकर उकसाने के आरोप में जेल भेजा गया है। अग्रवाल और मनप्रीत दोनों भारतीय नागरिक हैं और उन्हें 11 अगस्त को मेफेयर में एक आलीशान टाउन हाउस में गिरफ्तार किया गया।
हिरासत
शिकायत के बाद गिरफ्तारी
अग्रवाल (57) और कौर (41) लंदन में जहां ठहरे थे, वहां मकान में यौन उत्पीड़न की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है।
दोनों 13 अगस्त को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश हुए, जहां से उन्हें हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब 10 सितंबर को मुकदमे की सुनवाई निर्धारित है।
दोनों शिकायतकर्ताओं को विशेषज्ञ पुलिस अधिकारियों का सहयोग मिल रहा है। ब्रिटिश कानून के तहत उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है।
आरोप
दोनों पर क्या है आरोप?
अग्रवाल के खिलाफ लगे 3 आरोप 9 अगस्त के हैं, जिसमें महिला की सहमति के बिना जानबूझकर उसे यौन रूप से छूने का आरोप है।
एक चौथा आरोप 26 मई की घटना है, जो एक अन्य कथित यौन उत्पीड़न की घटना से संबंधित है।
कौर पर आऱोप है कि उसने 2 महिलाओं को अग्रवाल से मिलवाया और एक फर्जी नौकरी के विज्ञापन के बाद उन्हें उस पते पर आमंत्रित किया और यौन उत्पीड़न को बढ़ावा दिया।
गिरफ्तार
इससे पहले आव्रजन अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार करने की बात आई थी सामने
इससे पहले, अग्रवाल की हिरासत का संबंध मेफेयर स्थित उस संपत्ति से बताया जा रहा था, जहां वे कथित तौर पर रह रहे थे या काम कर रहे थे।
तब बताया गया कि मामले में ब्रिटिश अधिकारियों ने कार्रवाई तब की, जब मेफेयर स्थित संपत्ति के मकान मालिक ने मई में शिकायत की थी।
आरोपों के मुताबिक, अग्रवाल आवश्यक वर्क परमिट के बिना ब्रिटेन में पेशेवर काम कर रहे थे। उन पर आव्रजन नियमों के उल्लंघन का भी आरोप है।
संबंध
वकील अग्रवाल का चोकसी से संबंध
अग्रवाल को पंजाब नेशनल बैंक (PNB) धोखाधड़ी मामले में चोकसी का प्रतिनिधित्व करने के लिए मान्यता प्राप्त है।
वकील ने बॉम्बे हाई कोर्ट सहित कई न्यायालयों में कानूनी कार्यवाही में चोक्सी का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने बेल्जियम में चोकसी की गिरफ्तारी के बाद उनका प्रतिनिधित्व भी किया था।
चोकसी के वकील के रूप में अग्रवाल ने भारतीय प्रत्यर्पण प्रयासों को बार-बार चुनौती दी है। अग्रवाल भारत में प्रमुख कॉर्पोरेट अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों को संभालते हैं।