टेक्सास में वैलेरो तेल रिफाइनरी में हुआ भीषण विस्फोट, लोगों में मची अफरा-तफरी
क्या है खबर?
अमेरिका के टेक्सास में पोर्ट आर्थर स्थित वैलेरो तेल रिफाइनरी में सोमवार को अचानक भीषण विस्फोट हो गया। इस विस्फोट से आसमान में धुएं गुबार उठे और आसपास के घर हिल गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जोरदार विस्फोट के बाद परिसर से तीव्र लपटें और घना धुआं उठता दिखाई दिया। ऑनलाइन साझा किए गए वीडियो में संयंत्र के कुछ हिस्सों में भीषण आग लगी हुई दिखाई दे रही है और आपातकालीन दल घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।
कारण
क्या है विस्फोट का कारण?
शेरिफ जेना स्टीफंस ने अनुमान लगाया कि विस्फोट किसी औद्योगिक हीटर के कारण हुआ होगा। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक किसी भी हताहत की पुष्टि नहीं की है और न ही नुकसान की सीमा और पर्यावरणीय प्रभाव के बारे में कोई जानकारी दी है। वैश्विक ऊर्जा अनिश्चितता के मद्देनजर इस घटना ने संभावित आपूर्ति व्यवधानों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। व्यापक भू-राजनीतिक तनावों से इसके संबंध को लेकर ऑनलाइन अटकलें लगाई जा रही हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें घटना का वीडियो
JUST IN: 🇺🇸 Explosion reported at Texas' largest oil refinery in Port Arthur. pic.twitter.com/jf98gvfJmw
— Remarks (@remarks) March 24, 2026
सुरक्षा उपाय
लोगों को घर में रहने का आदेश जारी
स्थानीय अधिकारियों ने रिफाइनरी के पास रहने वाले निवासियों के लिए आश्रय-गृह में रहने का आदेश जारी किया है। पोर्ट आर्थर आपातकालीन प्रबंधन अधिकारियों ने एक सार्वजनिक चेतावनी में कहा, "आसपास के सभी निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वैलेरो रिफाइनरी में हुए विस्फोट के मद्देनजर लोगों को घरों में ही रहने का आदेश दिया है।" वैलेरो ने पुष्टि की कि उसकी एक इकाई में आग लग गई थी, लेकिन सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।
निगरानी
वायु गुणवत्ता की निगरानी कर रहे अधिकारी
पोर्ट आर्थर रिफाइनरी अमेरिका की सबसे बड़ी रिफाइनरियों में से एक है, जिसकी प्रतिदिन 4.35 लाख बैरल कच्चे तेल को गैसोलीन और डीजल जैसे परिष्कृत उत्पादों में परिवर्तित करने की क्षमता है। टेक्सास राज्य के प्रतिनिधि क्रिश्चियन मैनुअल ने कहा कि टेक्सास पर्यावरण गुणवत्ता आयोग वायु निगरानी उपकरणों के साथ साइट पर मौजूद है। उन्होंने निवासियों को अगली सूचना तक बाहरी गतिविधियों को सीमित करने और खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी है।