-
18 Mar 2019
ऑस्ट्रेलिया में युवक ने कार से मारी मस्जिद में टक्कर, किया आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल
-
न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में 2 मस्जिदों पर हुआ हमला अभी भी लोगों के जेहन में ताजा है और इस बीच ऑस्ट्रेलिया में एक युवक ने अपनी कार से मस्जिद के गेट में टक्कर मार कर दहशत पैदा कर दी।
आरोपी ने इस दौरान मस्जिद के अंदर मौजूद लोगों के लिए आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया।
घटना देश के क्वीसलैंड इलाके की बताई जा रही है और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
-
मामला
घटना से ठीक पहले पुलिस ने किया था ड्रग्स टेस्ट
-
शनिवार को हुई इस घटना से ठीक पहले क्वींसलैंड पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी का ड्रग्स टेस्ट किया था, जिसका परिणाम पॉजिटिव आया।
इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और उसके 24 घंटे तक गाड़ी चलाने पर प्रतिबंध लगा दिया।
पुलिस की हिरासत से छूटने के बाद आरोपी अपनी कार में सवार हुआ और पास में ही मौजूद मस्जिद के मुख्य गेट पर टक्कर मार दी।
वह अंदर मौजूद लोगों को तेज आवाज में आपत्तिजनक शब्द कहने लगा।
-
आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद घर चला गया आरोपी
-
घटना से मस्जिद के अंदर मौजूद लोग सहम गए और उनके जेहन में न्यूजीलैंड की घटना ताजा हो गई।
घटना में मस्जिद की संपत्ति को भी नुकसान हुआ है।
आरोपी टक्कर मारने और आपत्तिजनक शब्द कहने के बाद अपने घर चला गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने CCTV कैमरे की मदद से आरोपी की कार का नंबर निकाला और उसके घर पर छापा मारके उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर रही है।
-
न्यूजीलैंड हमला
न्यूजीलैंड की 2 मस्जिद पर किया था बंदूकधारी ने हमला
-
बता दें कि 15 मार्च को न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च स्थित अल नूर मस्जिद और लिनवूड मस्जिद पर बंदूकधारी ब्रेंटन हैरिसन टैरेंट ने हमला किया था।
हमले में 49 लोग मारे गए थे, जिनमें एक भारतीय भी शामिल है।
ब्रिटिश मूल का ऑस्ट्रेलियाई नागरिक टैरेंट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को अपना आदर्श और श्वेत पहचान का प्रतीक मानता था।
हमले के पीछे कारण बताते हुए उसने कहा कि उसे आक्रमणकारियों को दिखाना है कि हमारी भूमि कभी भी उनकी नहीं होगी।
- डोनाल्ड ट्रंप