इजरायली हमले में लेबनान में 31 लोग मारे गए, हिज्बुल्लाह के मिसाइल हमलों का दिया जवाब
क्या है खबर?
ईरान पर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों से गुस्साए लेबनान के हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर मिसाइल दागे थे, जिसके बाद इजरायली बलों ने जवाब दिया है। इजरायली बलों ने सोमवार तड़के लेबनान में हवाई हमले किए हैं, जिसमें 31 से अधिक लोग मारे गए हैं। इसकी पुष्टि लेबनान के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय ने की है। हमलों में हिज्बुल्लाह के प्रमुख नेता मोहम्मद राद भी मारे गए हैं। हालांकि, अभी इसकी लेबनान ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हमला
140 से अधिक हुए हैं घायल
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इजरायल और हिज़्बुल्लाह में तनाव के बीच, दक्षिणी लेबनान और बेरूत को निशाना बनाकर किए गए इजरायली हवाई हमलों में 31 लोग मारे गए और 140 से अधिक घायल हुए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में लगभग 20 लोग मारे गए, जबकि दक्षिणी लेबनान में कम से कम 11 अन्य लोगों की मौत हुई है। हमलों में बेरूत में हिज्बुल्लाह के गढ़ दाहियेह सहित कई इलाकों को निशाना बनाया गया था।
जिम्मेदार
इजरायली सेना ने हमलों के लिए हिज्बुल्लाह को जिम्मेदार ठहराया
इजरायली बलों ने कहा कि किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने के लिए हिज्बुल्लाह जिम्मेदार है। उसने दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के दर्जनों गांवों के निवासियों को वहां से निकलने की चेतावनी दी है। बता दें कि हिज्बुल्लाह ने ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामेनेई की मौत के बाद कहा था कि उसने खामेनेई की मौत का बदला लेने के लिए हाइफा में स्थित एक इजरायली सैन्य अड्डे पर मिसाइल और ड्रोन का झुंड दागा था।