कुवैत की मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला, आग लगी
क्या है खबर?
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच शुक्रवार को कुवैत की राष्ट्रीय तेल कंपनी के स्वामित्व वाली एक रिफाइनरी पर ड्रोन हमला हुआ, जिससे उसकी कई इकाईयों में आग लग गई। कुवैत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (KPC) ने कुवैत न्यूज एजेंसी (KUNA) को बताया कि आज सुबह तड़के मीना अल-अहमदी रिफाइनरी को ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया, जिसके बाद कई चालू इकाइयों में आग लग गई। आपातकालीन टीमें आग पर काबू पाने के लिए काम कर रही हैं।
हमला
किसी के घायल होने की खबर नहीं
KPC ने बताया कि ड्रोन हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। हमले को लेकर अभी ईरान की ओर से कोई बयान नहीं आया है। बता दें कि इससे पहले 20 मार्च को भी इस रिफाइनरी पर कई ड्रोन से हमला हुआ था, उस समय की प्रारंभिक रिपोर्टों में भी पुष्टि हुई थी कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं थी।
हमला
अब तक 2 रिफाइनरी को बनाया गया निशाना
कुवैत की अब तक 2 रिफाइनरी पर हमला हो चुका है। इसमें मीना अल-अहमदी रिफाइनरी और मीना अब्दुल्लाह रिफाइनरी शामिल है। अल-अहमदी रिफाइनरी कुवैत की सबसे बड़ी रिफाइनरी है, जिसकी क्षमता लगभग 346,000-730,000 बैरल प्रतिदिन है। इस पर 19 मार्च और 20 मार्च को हमला हुआ था। अब्दुल्लाह रिफाइनरी की क्षमता लगभग 454,000 बैरल प्रतिदिन है। यहां भी 19 मार्च को एक ऑपरेशनल यूनिट पर ड्रोन हमला हुआ था। हमले में कोई घायल नहीं हुआ।