Page Loader
केन्या: टैक्स बिल से भड़के लोगों ने संसद में आग लगाई, गोलीबारी में 5 की मौत
केन्या में टैक्स बिल के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन (तस्वीर: एक्स/@firstladyship)

केन्या: टैक्स बिल से भड़के लोगों ने संसद में आग लगाई, गोलीबारी में 5 की मौत

लेखन गजेंद्र
Jun 26, 2024
10:32 am

क्या है खबर?

पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या में नए टैक्स बिल के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए। इस दौरान लोगों ने संसद को घेर लिया और अंदर घुसकर आग लगा दी। राजधानी नैरोबी में पुलिस ने हिंसक प्रदर्शन को रोकने के लिए गोलीबारी की, जिसमें 5 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई है और 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं। प्रदर्शन में भाग लेने वाले अधिकतर युवा हैं। भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को सावधान और सुरक्षित रहने को कहा है।

प्रदर्शन

केन्या में क्यों हो रहे प्रदर्शन?

केन्या में महंगाई काफी ज्यादा है और टैक्स के बोझ से लोग परेशान हैं। लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब मंगलवार को सरकार ने टैक्स बढ़ाने को लेकर बिल पास किया। मई में बिल पेश हुआ था, जिस पर मंगलवार को संसद में वोटिंग हुई। बिल के पक्ष में 195 सांसदों में 106 ने वोट किया। लोगों को जानकारी होने पर प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रदर्शनकारियों की भीड़ संसद भवन पहुंच गई और तोड़फोड़ मचा दी।

बिल

टैक्स बिल क्यों बना विवाद का कारण?

मई में जब टैक्स बिल को संसद में पेश किया गया था। बिल के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने भी विरोध जताया था। उन्होंने राष्ट्रपति विलियम रूटो के इस्तीफे की मांग की थी। रॉयटर्स के मुताबिक, टैक्स बिल लागू होने से केन्या सरकार को 22,521 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिल सकता है और इससे सरकार अपना कर्ज चुकाएगी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार ने खाने-पीने की चीजों से लेकर पढ़ाई, बीमा, बचत सभी पर टैक्स लगाया है।

हंगामा

सांसदों को सुरंग से बाहर निकाला गया

प्रदर्शनकारी जब संसद में प्रवेश कर गए तो सांसदों को सुरंग के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें आगजनी दिख रही है। प्रदर्शनकारियों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की सौतेली बहन औमा ओबामा भी शामिल हुई। उनको प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस से परेशान होते देखा गया। सरकार ने नैरोबी समेत कई अन्य शहरों में प्रदर्शन को रोकने के लिए सेना की तैनाती की है।

ट्विटर पोस्ट

केन्या में प्रदर्शन की वीडियो