अमेरिका-ईरान समझौते के बाद भी इजरायल का लेबनान पर हमला जारी, 16 की मौत
क्या है खबर?
फ्रांस में अमेरिका और ईरान के बीच 14 सूत्रीय समझौते के बाद भी इजरायल का लेबनान पर हमला जारी है। उसने नबातीह जिले में भीषण बमबारी की है, जिसमें 16 लोग मारे गए हैं। लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (NAA) ने दक्षिणी लेबनान के नबातीह जिले में इजरायल के हमलों को सबसे भीषण हमलों में से एक बताया है। एजेंसी के मुताबिक, इजरायली सेना ने रात भर हवाई हमलों के जरिए कई घरों को निशाना बनाया है।
बयान
इससे पहले गाजा शहर पर किया था हमला
इजरायली सेना ने एक बयान में बताया कि हमलों में दक्षिणी लेबनान में ईरान के मोर्चे पर स्थित हिज्बुल्लाह आतंकवादियों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था। रॉयटर्स ने बताया कि इजरायली सेना ने कहा है कि यह हमले ईरान समर्थित समूह द्वारा बार-बार युद्धविराम के उल्लंघन के जवाब में किए गए थे। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को इजरायल ने फिलिस्तीन के गाजा शहर पर हमला किया था, जिसमें 3 लोगों की मौत हुई थी।
समझौता
समझौते में लेबनान पर हमला रोकने की बात
फ्रांस के वर्साय में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने समझौता ज्ञापन पर जो हस्ताक्षर किए हैं, उसमें पहली शर्त लेबनान समेत सभी मोर्चों पर पूरी तरह हमले रोकने की बात है। ट्रंप ने समझौते पर हस्ताक्षर के बाद कहा था, ""हम लेबनान, हिज्बुल्लाह और इजरायल सहित सभी मोर्चों पर पूर्ण युद्धविराम की उम्मीद करते हैं।" इसके बाद उन्होंने ट्रुथ पर भी शांति के लिए प्रतिबद्धता जताई थी।