LOADING...
क्या मोजतबा खामेनेई की मौत हो चुकी है? ईरान में नए भित्तिचित्र ने फिर उठाए सवाल
ईरान में नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की मौत को लेकर फिर से उठने लगे हैं सवाल

क्या मोजतबा खामेनेई की मौत हो चुकी है? ईरान में नए भित्तिचित्र ने फिर उठाए सवाल

Apr 27, 2026
12:54 pm

क्या है खबर?

ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए संयुक्त हमले के बाद से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। उस हमले में उनके पिता और दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु हो गई थी। उसके बाद से मोजतबा की मौत को लेकर अटकलें चल रही हैं। हाल में ईरान में अनावरण किए गए नए भित्तिचित्र (दीवार पर कलाकृति) में उनकी मौत पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

सवाल

क्या मोजतबा खामेनेई की मौत हो गई?

ईरान में एक भित्तिचित्र ने नए सर्वोच्च नेता के जीवन पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। इस भित्तिचित्र में कथित तौर पर 56 वर्षीय मोजतबा को अन्य शीर्ष ईरानी नेताओं के साथ दिखाया गया है। एक्स पर भित्तिचित्र के अनावरण का वीडियो साझा करते हुए कहा गया है कि यह पूर्वोत्तर ईरान के मशहद शहर का है। इसमें मोजतबा के अलावा, उनके दिवंगत पिता अयातुलला और साथ पहले सर्वोच्च नेता अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी को भी दर्शाया गया है।

संदेश

क्या संदेश देता है भित्तिचित्र?

हालांकि, इस भित्तिचित्र में अयातुल्ला को कलाकृति के केंद्र में रखा गया है, लेकिन वे 4 छोटे चित्रों से घिरे हैं और आकृतियों के आसपास कई अन्य छोटे चित्र दिखाई देते हैं। नए सर्वोच्च नेता मोजतबा का चित्र भी उस भित्तिचित्र पर अंकित है, जिसके बारे में माना जाता है कि यह ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलों के दौरान शहीद हुए व्यक्तियों को श्रद्धांजलि देने के लिए बनाया गया है। इसने मोजतबा की मौत की खबरों को बल दे दिया है।

Advertisement

भ्रम

मोजतबा की मौत को लेकर क्यों पैदा हुआ है भ्रम?

न्यूज18 के अनुसार, भित्तिचित्र में पश्चिम एशिया में युद्ध में मारे गए वरिष्ठ सैन्य और राजनीतिक हस्तियों की तस्वीरें दर्शाई गई हैं। भित्तिचित्र का वीडियो साझा करने वाले एक्स अकाउंट ने उल्लेख किया कि उनके पिता सहित दिवंगत नेताओं के साथ मोजतबा के चेहरे को शामिल करने से भ्रम पैदा हुआ है। अयातुल्ला की मौत के बाद 8 मार्च को मोजतबा को नया सर्वोच्च नेता घोषित किया गया था, लेकिन उनकी कोई तस्वीर, वीडियो या ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी नहीं हुई।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें भित्तिचित्र का वीडियो

रिपोर्ट

मोजतबा के स्वास्थ्य को लेकर चल रही हैं कई रिपोर्ट

हालिया रिपोर्टों के अनुसार, 28 फरवरी को हुए अमेरिकी-इजरायली हमलों में अयातुल्ला की मौत हो गई थी। रॉयटर्स की शुरुआत रिपोर्ट में बताया था कि सर्वोच्च नेता के परिसर पर हुए हमले में मोजतबा गंभीर रूप से घायल हुए थे। रिपोर्ट में मोजतबा के करीबी 3 लोगों ने बताया था कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता स्वस्थ हो रहे हैं और मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त हैं। वह अमेरिका के साथ बातचीत सहित महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लेने में शामिल हैं।

अन्य

ईरानी मीडिया ने भी किया था मोजतबा के घायल होने का खुलासा

इससे पहले, ईरानी सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार वाचक ने मोजतबा को 'जानबाज' बताया था, यह शब्द युद्ध में बुरी तरह घायल लोगों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। 13 मार्च को अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा था कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता घायल हैं और संभवतः उनका चेहरा बिगड़ गया है। अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में बताया गया था कि मोजतबा के उनके पिता की हत्या करने वाले हमले में अपना एक पैर गंवाने का संदेह था।

महत्व

ईरान में भित्तिचित्रों का क्या महत्व है?

ईरान में भित्तिचित्र और बैनर राज्य के राजनीतिक संदेश और विदेश नीति को दर्शाते हैं। ये लंबे समय से देश के शहरी परिदृश्य, विशेष रूप से तेहरान की शोभा बढ़ाते रहे हैं। AFP के अनुसार, 1979 की ईरानी क्रांति के बाद से इस तरह की छवियों का उपयोग विचारधारा और सामूहिक स्मृति को दर्शाने के लिए किया जाता रहा है। ये भित्तिचित्र कभी-कभी ईरान में धार्मिक नेतृत्व की वंशावली को भी दर्शाते हैं, जिसकी शुरुआत रुहोल्लाह खुमैनी से होती है।

Advertisement