पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास के बाहर प्रदर्शन के बाद वीजा से जुड़ा कामकाज बंद
क्या है खबर?
ईरान में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले के खिलाफ पाकिस्तान में भी विरोध दिख रहा है। इसे देखते हुए अमेरिकी दूतावास में वीजा संबंधित कार्यों को बंद कर दिया गया है। इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर बताया कि अमेरिका वीजा और अमेरिकन सिटीजन सर्विसेज के लिए कामकाज सोमवार को बंद रहेगा। इसके अलावा कराची और लाहौर में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास में सभी साक्षात्कार रद्द कर दिए गए हैं। सेवा बहाली की जानकारी नहीं दी गई है।
आदेश
दूतावास ने सुरक्षा के लिए जारी किए थे दिशानिर्देश
दूतावास ने ईरान पर हमलों के बाद पाकिस्तान में विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए रविवार को दिशानिर्देश जारी किए थे। उसने अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों को अगले आदेश तक अपनी आवाजाही सीमित रखने का निर्देश दिया था। साथ ही, पाकिस्तान में रहने वाले अमेरिकी नागरिकों को व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय करने, अपने आसपास के माहौल के प्रति सजग रहने, भीड़ में जाने से बचने और अमेरिकी दूतावास की वेबसाइट और मोबाइल ऐप STEP पर पंजीकरण करने को कहा था।
प्रदर्श
लाहौर और कराची में हुए प्रदर्शन
ईरान में सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची, लाहौर, इस्लामाबाद और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के गिलगित-बाल्टिस्तान में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए। BBC के मुताबिक, कराची में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास के बाहर हिंसक प्रदर्शन में 9 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान दूतावास का गेट तोड़ और सुरक्षा कक्ष की खिड़कियां तोड़ दी गईं। मजलिस-ए-वहदत मुस्लिमीन के प्रवक्ता ने कहा कि सार्वजनिक प्रदर्शन के दौरान दूतावास के अंदर से गोलियां चलाई गईं।