LOADING...
अमेरिका ने कुवैत में तीन F-15 लड़ाकू विमान गिरने की बात कबूली, ये बताया कारण
अमेरिका ने कुवैत में तीन F-15 लड़ाकू विमान गिरने की बात कबूली (प्रतीकात्मक तस्वीर)

अमेरिका ने कुवैत में तीन F-15 लड़ाकू विमान गिरने की बात कबूली, ये बताया कारण

लेखन गजेंद्र
Mar 02, 2026
05:09 pm

क्या है खबर?

अमेरिका ने सोमवार में कुवैत में अपने तीन F-15 लड़ाकू विमान के गिरने की बात कबूली है। हालांकि, उसने कहा कि ये कुवैत की गलती से हुआ था। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने बताया कि कुवैती वायु रक्षा प्रणाली की ओर से सोमवार सुबह 3 अमेरिकी लड़ाकू विमानों को "गलती से" मार गिराया गया। हालांकि, सभी विमानों के पायलट सुरक्षित हैं। अमेरिकी सेना ने इसे स्पष्ट रूप से मित्रवत गोलीबारी की घटना बताया है।

बयान

अमेरिकी सेना ने क्या कहा?

CENTCOM ने जारी बयान में कहा, "1 मार्च को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के समर्थन में उड़ान भर रहे 3 अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल विमान कुवैत के ऊपर गलती से हुई गोलीबारी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गए। विमानों को कुवैती वायु रक्षा बलों ने गलती से मार गिराया। सभी 6 पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए। उनकी हालत स्थिर है। कुवैत ने घटना को स्वीकार किया है। हम कुवैती रक्षा बलों के प्रयासों और उनके समर्थन के लिए आभारी हैं।"

बयान

कुवैत ने क्या कहा था?

कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बयान जारी कर रहा कि सुबह कई अमेरिकी लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं और सभी पायलट बच गए। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, पायलट को निकाला और उन्हें मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि फ्रेंडली अमेरिकी सेना के साथ सीधा कोऑर्डिनेशन चल रहा है। बता दें, लड़ाकू विमान गिरने का वीडियो भी सामने आया था।

Advertisement