सऊदी और कुवैत में अमेरिकी दूतावास पर ईरानी ड्रोन से हमला, ट्रंप की कड़ी चेतावनी
क्या है खबर?
सऊदी अरब और कुवैत में स्थित अमेरिका दूतावासों को ईरान ने मंगलवार को ड्रोन से निशाना बनाया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने इसकी जानकारी दी। विभाग ने बताया कि, रियाद स्थित दूतावास पर दो मानवरहित हवाई वाहनों (UAV) से हमला हुआ, जिन्होंने छत और दूतावास परिसर की बाहरी दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया। दूतावास के कर्मचारी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले पर ईरान को कड़ी चेतावनी दी है।
बयान
दूतावास की इमारत को हल्का नुकसान हुआ
सऊदी के रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि शुरूआती अनुमान में रियाद में अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला हुआ, जिससे थोड़ी आग लगी और इमारत को मामूली नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि ईरान में रात में कई ड्रोन सऊदी अरब की ओर भेजे थे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें इमारत से धुआं और आग उठती दिख रही है।
अलर्ट
दूतावास ने चेतावनी जारी की
हमले के बाद, सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने सुरक्षा चेतावनी जारी की, जिसमें रियाद, जेद्दा और धाहरान के लिए आश्रय का आदेश दिया गया है। मिशन ने बताया कि इन क्षेत्र में सैन्य प्रतिष्ठानों की गैर-जरूरी यात्रा को सीमित कर दिया गया है और नागरिकों को सुरक्षित रहने को कहा गया है। अमेरिकी नागरिकों से विदेश विभाग के स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में नामांकन कराने और भीड़ वाली जगह पर न जाने की सलाह दी गई है।
हमला
कुवैत में भी अमेरिकी दूतावास को बनाया गया निशाना
सऊदी अरब पर हमले से पहले ईरान ने कुवैत स्थित अमेरिकी दूतावास पर भी ड्रोन से हमला किया था। यहां भी इमारत में आग लगी है। कुवैत स्थित एक राजनयिक ने बताया कि दूतावास को कई ड्रोन हमलों से नुकसान पहुंचा है, हमले में दूतावास की इमारत को सीधे निशाना बनाया गया था। दूतावास ने लोगों को कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमलों के लगातार खतरे की चेतावनी दी और परिसर में न आने का आग्रह किया है।
चेतावनी
ट्रंप ने क्या कहा?
राष्ट्रपति ट्रंप ने दूतावास पर हमले को लेकर ईरान को कड़े जवाब की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, "रियाद में दूतावास पर हुए हमले और अमेरिकी सैनिकों की हत्या पर वाशिंगटन की प्रतिक्रिया का जल्द पता चल जाएगा। मुझे नहीं लगता कि ईरान में जमीनी सेना तैनात करना आवश्यक होगा।" उन्होंने अमेरिकी ठिकानों पर हमलों की चिंता को खारिज कर दिया और कहा कि यह युद्ध का हिस्सा है, चाहे लोगों को पसंद हो या न हो। यही सच्चाई है।
ट्विटर पोस्ट
रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हमला
JUST IN: Smoke rises from the US embassy in Riyadh following a large explosion. pic.twitter.com/QnSONJ9dA3
— Sulaiman Ahmed (@ShaykhSulaiman) March 3, 2026