ईरान ने अमेरिका के सामने शांति वार्ता के लिए शर्तें रखी, होर्मुज को लेकर ये कहा
क्या है खबर?
ईरान ने अमेरिका के अस्थायी युद्धविराम की शर्त को मानने से इनकार कर दिया है और शांति वार्ता के लिए अपनी ओर से शर्तें रखी हैं। रॉयटर्स ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि तेहरान ने अमेरिका के साथ किसी भी अस्थायी युद्धविराम को अस्वीकार कर दिया है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए भी शर्तें रखी हैं। ईरान की शर्तों पर अभी अमेरिका की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।
शर्त
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान की क्या है शर्त?
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने स्थायी शांति वार्ता के लिए कुछ पूर्व शर्तें रखी हैं, जिनमें हमलों को तुरंत रोकना शामिल है। इसके अलावा उसने अमेरिका से गारंटी मांगी है कि वह हमले दोहराएगा और उसके देश में हमलों से हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए मुआवजा देगा। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए शुल्क मांगने की अनुमति मांगी है, जो जहाज के प्रकार, उसके माल और प्रचलित परिस्थितियों के आधार पर अलग-अलग होगा।
हमला
अमेरिका ने मंगलवार रात तक दिया है अल्टीमेटम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को प्रस्तावित युद्धविराम समझौते को स्वीकारने और होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए मंगलवार रात का समय दिया है। ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर समयसीमा के भीतर ईरान कोई निर्णय नहीं लेता है तो उसके पुलों और ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाया जाएगा। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान, तुर्की और मिस्र मध्यस्थता करवा रहे हैं, जो लगातार एक-दूसरे के संपर्क में बने हुए हैं।