LOADING...
ईरान के राष्ट्रपति ने किया खाड़ी देशों पर हमले न करने का ऐलान, माफी भी मांगी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने किया खाड़ी देशों पर हमले न करने का ऐलान

ईरान के राष्ट्रपति ने किया खाड़ी देशों पर हमले न करने का ऐलान, माफी भी मांगी

Mar 07, 2026
01:40 pm

क्या है खबर?

अमेरिका और इजरायल के संयुक्त रूप से ईरान पर हमला करने के बाद पश्चिमी एशिया में तनाव भड़क उठा है। ईरान ने खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाने के लिए हमले किए हैं। इससे हालात और बिगड़ गए। अब ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने स्पष्ट किया है कि ईरान अब किसी भी पड़ोसी देश पर हमला नहीं करेगा। इसके साथ ही उन्होंने अब तक किए गए हमलों के लिए माफी भी मांगी है।

बयान

पेजेश्कियन ने क्या दिया बयान?

पेजेश्कियन ने टेलीविजन पर भाषण में कहा, "देश की अस्थायी नेतृत्व परिषद ने कल ऐलान किया है कि पड़ोसी देशों पर अब और हमले नहीं किए जाएंगे और न ही मिसाइलें दागी जाएंगी। यह स्थिति तब तक लागू रहेगी जब तक कि ईरान पर होने वाला हमला उसी पड़ोसी देश की जमीन से न किया जाएं।" उन्होंने आगे कहा, "मैं हालिया हमलों के लिए पड़ोसी देशों से माफी मांगता हूं। हमारा हमला करने का कोई इरादा नहीं है।"

चेतावनी

पेजेश्कियन ने बिना नाम लिए अमेरिका को दी चेतावनी

पेजेश्कियन ने अपनी संप्रभुता को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "हमारा बिना शर्त आत्मसमर्पण देखने का जो लोग सपना देख रहे हैं, वे अपने इस ख्वाब को कब्र तक साथ ले जाएंगे। ईरान एक शांतिप्रिय देश है और सैन्य कार्रवाई को रोकने का फैसला क्षेत्रीय स्थिरता के हित में लिया गया है।" विशेषज्ञों के अनुसार, ईरान का यह नरम रुख अंतरराष्ट्रीय दबाव और घरेलू परिस्थितियों के कारण हो सकता है। हालांकि, यह निर्णय शांति का रास्ता खोलता है।

Advertisement

संदेश

ट्रंप ने ईरान को दिया था बिना शर्त आत्मसमर्पण का संदेश

इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, 'ईरान को बिना किसी शर्त के आत्मसमर्पण करना ही होगा, इसके अलावा समझौता करने के लिए उनके पास कोई विकल्प नहीं है। वहां एक महान और स्वीकार्य नेता का चयन करने के बाद हम और हमारे कई सहयोगी ईरान को विनाश के कगार से वापस लाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएंगे और उसे आर्थिक रूप से पहले से भी कहीं बड़ा, बेहतर और मजबूत बनाएंगे।'

Advertisement

प्रसार

पूरे पश्चिमी एशियार में फैला युद्ध

यह संघर्ष ईरान की सीमाओं से काफी आगे बढ़ चुका है। ईरान ने इजरायल और कई खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले किए हैं। शनिवार की सुबह इजरायल की ओर मिसाइलें दागी गईं, क्योंकि ईरानी हमलों को रोकने के लिए इजरायली हवाई रक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी गई थी। जवाब में इजरायल ने तेहरान में बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए नए हमले शुरू किए। इससे क्षेत्र में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

मौत

हमलों में अब तक हुई 1,300 से अधिक लोगों की मौत

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी के अनुसार, अमेरिकी-इजरायली हमलों में 1,332 ईरानी नागरिक मारे गए हैं और हजारों घायल हुए हैं। ईरान के हमलों में इजरायल में 11 लोग मारे गए हैं, जबकि कम से कम 6 अमेरिकी सैन्य कर्मियों के भी मारे जाने की खबर है। इजरायल ने लेबनान पर बमबारी तेज कर दी है, जिसमें बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमले भी शामिल हैं। उसके बाद बड़े पैमाने पर विस्थापन भी हुआ है।

Advertisement