LOADING...
खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच ईरान का हमला शुरू, होर्मुज में जहाजों को बनाया निशाना
खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर फिर हमला किया (प्रतीकात्मक तस्वीर)

खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच ईरान का हमला शुरू, होर्मुज में जहाजों को बनाया निशाना

लेखन गजेंद्र
Jul 07, 2026
09:40 am

क्या है खबर?

ईरान ने अपने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह के बीच एक बार फिर हमला शुरू कर दिया है। अमेरिकी वेबसाइट एक्सियोस ने 2 अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से इसकी पुष्टि की। उसने बताया कि ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स IRGC ने सोमवार रात को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाजों पर 2 मिसाइलें दागीं हैं। हमले में 2 जहाजों को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। मंगलवार तड़के भी हमला हुआ है।

हमला

मंगलवार तड़के भी जहाज से टकराया मिसाइल

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस एजेंसी (UKMTO) ने मंगलवार तड़के बताया कि ओमान के लिमाह से लगभग 8 नॉटिकल मील (15 किमी) पूर्व में दक्षिण की ओर यात्रा करते समय टैंकर के बाईं ओर अज्ञात मिसाइल की टक्कर लगी, जिससे आग लग गई। किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। अमेरिकी मध्य कमान (CENTCOM) ने भी घटना पर कोई बयान नहीं दिया है। इस हमले के बाद तनाव बढ़ने की संभावना है।

हमला

अमेरिका कर सकता है जवाबी हमला

यह घटना तब हुई, जब पिछले सप्ताह कतर में अमेरिका-ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता होर्मुज के मुद्दे पर कोई खास प्रगति के समाप्त हो गई थी। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में कहा था कि वह समझौता करना पसंद करेंगे, लेकिन एक घंटे में ईरान के पुल भी गिरा सकते हैं। ट्रंप ने खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की छुट्टी का भी मजाक उड़ाया है। अमेरिका ईरानी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

Advertisement